Amroha News-अमरोहा : जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में ग्राम बरखेड़ा राजपूत एवं पलौला में फार्मर रजिस्ट्री का विशेष कैंप लगाया गया। इसी प्रकार मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र की अध्यक्षता में ग्राम टिकिया में भी फार्मर रजिस्ट्री शिविर का आयोजन किया गया।
जिलाधिकारी ने बताया कि किसान रजिस्ट्री को किसान आईडी या गोल्डन कार्ड भी कहा जाता है। यह एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है जिसमें किसान की समस्त भूमि का विवरण दर्ज रहता है। अब प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, गेहूँ-धान-सरसों आदि फसलों की क्रय केंद्रों पर बिक्री, खाद-बीज खरीद, किसान क्रेडिट कार्ड, आपदा मुआवजा तथा कृषि, उद्यान, पशुपालन, सहकारिता आदि विभागों की सभी योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य हो गई है। उन्होंने फार्मर रजिस्ट्री के फायदे बताते हुए कहा कि खाद की दुकान पर केवल फार्मर रजिस्ट्री दिखाकर ही भूमि के अनुसार खाद प्राप्त की जा सकेगी, खतौनी दिखाने की आवश्यकता नहीं रहेगी। क्रय केंद्रों पर फसल बेचते समय सत्यापन की जरूरत नहीं पड़ेगी। किसान क्रेडिट कार्ड मात्र तीन दिनों में बन जाएगा और अन्य योजनाओं का लाभ सीधे मिल सकेगा।
जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने किसानों से आह्वान करते हुए कहा कि अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवा लें। जो किसान अभी तक रजिस्ट्री नहीं बना पाए हैं, वे अपने नजदीकी जन सेवा केंद्र, लेखपाल, पंचायत सहायक या कृषि विभाग के कर्मचारियों से संपर्क करें। किसान स्वयं भी मोबाइल से ‘सेल्फ रजिस्ट्रेशन’ मोड के माध्यम से आसानी से अपनी या परिवार के किसी सदस्य की फॉर्मर रजिस्ट्री बना सकते हैं। समय रहते रजिस्ट्री बना लेने से आपको सभी सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त हो सकेगा।
फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज:- आधार से लिंक मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, खतौनी या गाटा संख्या। जनपद के समस्त किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण करने के लिए ग्राम पंचायतवार कैंप लगाए जा रहे हैं, जिनमें लेखपाल, कृषि विभाग के कर्मचारी, पंचायत सहायक और जन सेवा केंद्र संचालक सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
उप निदेशक कृषि डॉ. राम प्रवेश ने अवगत कराया कि फार्मर रजिस्ट्री के संतृप्तिकरण अभियान के अंतर्गत जनपद में ग्रामवार शिविर लगाकर फॉर्मर रजिस्ट्री बनाई जा रही है। अब विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दी गई है। जनपद अमरोहा के 82% किसानों की फार्मर रजिस्ट्री करा दी गयी है और जनपद प्रदेश में 7वें स्थान पर हैं।
आयोजित शिविरों में मुख्य विकास अधिकारी अश्वनी कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), उप जिलाधिकारी एवं उप निदेशक कृषि उपस्थित रहे।

