समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
Amroha News-अमरोहा:- सैदनगली थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक डॉक्टर के साथ लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आई। फय्याजनगर गांव के पास गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के निकट बदमाशों ने डॉक्टर को रोककर मारपीट की और उनसे नकदी, सोने की चेन तथा एटीएम कार्ड लूटकर रफुचककर हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।जानकारी के अनुसार, दाउदपुर जागीर निवासी डॉ. कृष्ण पाल सिंह ईसापुर सुनवारी गांव में अपना क्लीनिक संचालित करते हैं। शुक्रवार रात करीब 9 बजे वह स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह फय्याजनगर के पास गंगा एक्सप्रेसवे अंडरपास के निकट पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।
आरोप है कि बदमाशों ने डॉक्टर के साथ मारपीट करते हुए करीब आठ हजार रुपये नकद, एक सोने की चेन और दो एटीएम कार्ड लूट लिए। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक अन्य राहगीर को भी बदमाशों ने लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया।
डॉक्टर की चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में मक्का की रखवाली कर रहे ग्रामीण मौके की ओर दौड़े। ग्रामीणों को आता देख बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।सूचना मिलते ही सैदनगली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
सैदनगली थाना प्रभारी निरीक्षक संजय प्रताप सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला मारपीट का प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

