अमरोहा। जे.एस. हिन्दू पी.जी. कॉलेज में रविवार को उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों के लिए मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के शुभारम्भ के अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान आगरा स्थित डॉ. भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय में मुख्यमंत्री जी की उपस्थिति में आयोजित मुख्य समारोह का सजीव प्रसारण देखा गया तथा पात्र शिक्षकों को मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के कार्ड वितरित किए गए।
उल्लेखनीय है कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षक दिवस 5 सितम्बर, 2025के अवसर पर उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा की गई थी। इसी घोषणा के क्रम में अब अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों, स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों एवं राज्य विश्वविद्यालयों में कार्यरत नियमित एवं स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों के शिक्षकों तथा उनके आश्रित परिवार के सदस्यों को सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी चिकित्सालयों में कैशलेस उपचार की सुविधा प्रदान की जा रही है।
कार्यक्रम में बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के माननीय विधान परिषद सदस्य डॉ. हरि सिंह ढिल्लों मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री धीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार यादव, कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी एवं रमाबाई अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय, गजरौला की प्राचार्य डॉ. अजीता सिंह तथा जे.एस. हिन्दू पी.जी. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. वीर वीरेंद्र सिंह ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ, स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
इसके उपरांत अतिथियों द्वारा महाविद्यालय के प्राध्यापक नवनीत बिश्नोई, डॉ. सचिन कुमार पांचाल एवं श्री मोहित कुमार सहित अन्य पात्र शिक्षकों को प्रतीकात्मक रूप से मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना के कार्ड प्रदान किए गए।
अपने संबोधन में शिक्षक विधायक डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह योजना उच्च शिक्षा विभाग के शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही महत्वपूर्ण मांग की पूर्ति है। उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षकों को यह सुविधा प्रदान किया जाना शिक्षा जगत के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि पंजाब नेशनल बैंक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के मध्य हुए समझौते के अंतर्गत शिक्षकों के लिए दुर्घटना बीमा की भी व्यवस्था की गई है, जिसके तहत सामान्य दुर्घटना पर ₹1.5 करोड़ तथा हवाई दुर्घटना पर ₹3 करोड़ तक का बीमा प्रावधान किया गया है।
कार्यक्रम की जिला नोडल अधिकारी डॉ. अजीता सिंह एवं महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. वीर वीरेंद्र सिंह ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. अरविंद कुमार शास्त्री ने किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के शिक्षक, कर्मचारी, पत्रकार बंधु एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

