समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर (अमरोहा), 14 जुलाई। हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर भूड़ में मंगलवार को खेत में चारा काट रही एक महिला को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद महिला की हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हसनपुर में भर्ती कराया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव रामपुर भूड़ निवासी बीना, पत्नी रामनिवास, अपने खेत में पशुओं के लिए चारा काट रही थीं। इसी दौरान खेत में मौजूद एक जहरीले सांप ने उनके पैर में डस लिया। महिला के शोर मचाने पर आसपास काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी।परिजन महिला को बेहोशी की हालत में सीएचसी हसनपुर लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विष का असर अधिक होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजनों ने 108 एंबुलेंस की सहायता से महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां भी इलाज नहीं हो सका।इसके बाद परिजन महिला को उपचार के लिए एक निजी वैद्य के पास ले गए। समाचार लिखे जाने तक महिला की हालत गंभीर बनी हुई थी।

