ड्यूटी करके बाइक से घर लौट रहे होमगार्ड जवान को पिकअप ने रौंदा, मौके पर ही मौंत
बदायूं।अलापुर थाना क्षेत्र के म्याऊं-उसहैत मार्ग पर शनिवार तड़के बाइक सवार होमगार्ड जवान को अज्ञात पिकअप ने जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही जवान सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया।मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के गांव बबई भटपुरा निवासी हरीराम पुत्र रामस्वरूप के रूप में हुई।वह होमगार्ड विभाग में तैनात थे और प्रतिदिन शाम को हजरतपुर थाने में ड्यूटी करने जाते थे।आज शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे रात्रि ड्यूटी पूरी कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान म्याऊं और ढका पुलिया के बीच तेज रफ्तार अज्ञात पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि हरीराम ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।सड़क पर काफी देर तक उनका शव पड़ा रहा।सुबह टहलने निकले लोगों ने सड़क किनारे पड़े हरीराम को देखा और तत्काल सरकारी एंबुलेंस व पुलिस को सूचना दी।एंबुलेंस से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया,जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।सूचना मिलने पर थाना अध्यक्ष माधव सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस अज्ञात पिकअप चालक की तलाश में जुटी है।हरीराम पांच भाइयों में तीसरे थे। उनके दो भाइयों का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि दो अन्य भाई विवाहित हैं।होमगार्ड जवान की असमय मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी


