तहेरे ससुर के हत्यारोपी दामाद के खिलाफ 105 पन्नों की चार्जशीट दाखिल..
बदायूं।उसावां थाना पुलिस ने 13 मई को हुई तहेरे ससुर की हत्या के मामले में आरोपी दामाद के खिलाफ 105 पन्नों की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी है। चार्जशीट में दावा किया गया है कि आरोपी तहेरे ससुर की जमीन हथियाना चाहता था। विरोध करने पर आरोपी ने तहेरे ससुर की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी थी।
उसावां थानाक्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी फूल सिंह की शादी नहीं हुई थी। उनके छोटे भाई ब्रजराज विवाहित थे।छोटे भाई ब्रजराज की बेटी की शादी कादरचौक थाना क्षेत्र के गांव लोहाठेर के हरीश के साथ हुई थी। ब्रजराज के बेटी को छोड़कर कोई दूसरी संतान नहीं थी। इससे हरीश ससुराल में ही पत्नी के साथ रहने लगा था।
ब्रजराज और उसके फूल सिंह के नाम करीब 20-20 बीघा जमीन थी।हरीश अपने सगे ससुर ब्रजराज की जमीन पर हकदार बन गया था,लेकिन वह तहेरे ससुर फूल सिंह की भी जमीन हथियाना चाहता था।इसको लेकर 13 मई की शाम घर में विवाद हुआ था। फूल सिंह, ब्रजराज और हरीश एक चारपाई पर बैठे थे।
हरीश ने तहेरे ससुर से उनकी जमीन को उसके नाम करने का दबाव डाला। फूल सिंह ने जमीन देने से मना कर दिया। इसी बीच हरीश ने बौखलाकर जमीन पर पड़ी ईंट उठाकर फूल सिंह के सिर पर मार दी। इससे फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी हरीश को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था।तब से पुलिस इस हत्याकांड की विवेचना कर रही थी। करीब एक माह बीतने के बाद पुलिस ने आरोपी दामाद हरीश के खिलाफ तहेरे ससुर की हत्याकांड की चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। उसावां इंस्पेक्टर वीरपाल सिंह ने बताया कि ससुर की हत्या के आरोपी दामाद के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।
रिपोर्ट – जयकिशन सैनी (समर इंडिया)

