खेत की रखवाली करने गए किसान को दिखा तेंदुआ, पेड़ पर चढ़कर बचाई जान..
बदायूं। खेत की रखवाली करने गए किसान को बृहस्पतिवार रात तेंदुआ दिखाई दिया।डर कर किसान पेड़ पर चढ़ गया। तेंदुए के जाने के बाद करीब दो घंटे बाद किसान पेड़ से नीचे उतरा। सुबह किसान ने गांव में जाकर तेंदुआ होने की बात लोगों को बताई। इसके बाद गांव में दहशत फैल गई।
वार्ड संख्या सात निवासी चंद्रभान सिंह बृहस्पतिवार की रात फसल की रखवाली करने गए थे। रात करीब डेढ़ बजे वह अपने ट्यूबवेल पर थे। तभी उन्होंने गन्ने के खेत की ओर टॉर्च की रोशन डाली तो वहां तेंदुआ दिखाई दिया। इसके बाद वह भागकर पास में खड़े पेड़ पर चढ़ गए।
काफी देर बाद तेंदुआ दोबारा से गन्ने के खेत से निकला और गड्ढों से होता हुआ झील की तरफ भाग गया। किसान ने देखा कि तेंदुआ काफी दूर निकल गया है तब करीब दो घंटे बाद वह पेड़ से उतरकर अपने ट्यूबवेल की कोठरी में घुस गया। सुबह जागने के बाद किसान चंद्रभान ने अपने पड़ोसी गांव फरीदापुर व गुलड़िया के लोगो को जंगल में तेंदुआ होने की बात बताई। इसके बाद किसानों व क्षेत्र के लोगों में दहशत फैल गई। किसानों ने खेत पर जाकर देखा तो पगचिह्न दिखाई दिए। पगचिह्न तेंदुए के ही हैं।शुक्रवार दोपहर बाद ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देने के लिए फोन लगाया, जो लग नहीं सका।इससे ग्रामीणों में रोष है।
रिपोर्ट-जयकिशन सैनी (समर इंडिया)
Like this:
Like Loading...
Related