मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। छजलैट थाना क्षेत्र में मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस और गन्ने से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि करीब 10 अन्य यात्री घायल हो गए। हादसे में मृतक महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और चार परिवारों में मातम छा गया।
पेट्रोल पंप के पास बस की ड्राइवर साइड से टकराई ट्रैक्टर-ट्रॉली
पुलिस के अनुसार, मुरादाबाद डिपो की रोडवेज बस शनिवार सुबह छजलैट की ओर से मुरादाबाद आ रही थी। जैसे ही बस गांव लड़ावली स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास पहुंची, सामने से गन्ने से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आ गई। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सीधे रोडवेज बस की ड्राइवर साइड से जा टकराई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए।
मुरादाबाद में रोडवेज ने बाइक को कुचला, मासूम समेत 3 की मौत
हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की दर्दनाक मौत
इस भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोगों की जान चली गई। मृतकों की पहचान अर्चना (32 वर्ष), उनके पांच वर्षीय बेटे सुशांत, लोकेंद्र (50 वर्ष) और दीपिका चौहान (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
मृतकों का विवरण इस प्रकार है:
- अर्चना (32 वर्ष) – पत्नी जॉनसन मसीह, निवासी सदुपुरा, थाना छजलैट, मुरादाबाद।
- सुशांत (5 वर्ष) – पुत्र जॉनसन मसीह, निवासी सदुपुरा, थाना छजलैट, मुरादाबाद।
- लोकेंद्र (50 वर्ष) – निवासी स्योहारा कला, जिला बिजनौर।
- दीपिका चौहान (30 वर्ष) – पत्नी प्रखत, निवासी नूरपुर, जिला बिजनौर।
हादसे में सदुपुरा गांव निवासी अर्चना और उनके मासूम बेटे सुशांत की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, अर्चना के पति जॉनसन मसीह गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके अलावा बिजनौर निवासी लोकेंद्र और दीपिका चौहान ने भी दुर्घटना में दम तोड़ दिया।
जॉनसन मसीह की हालत गंभीर, करीब 10 यात्री भी घायल
हादसे में अर्चना के पति जॉनसन मसीह गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इसके अलावा रोडवेज बस में सवार करीब 10 अन्य यात्रियों को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल लोगों का उपचार जारी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाला मोर्चा
दुर्घटना की सूचना मिलते ही छजलैट थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात प्रभावित हुआ। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह ने बताया कि रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर में चार लोगों की मौत हुई है। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है। मां और मासूम बेटे की एक साथ मौत से सदुपुरा गांव में भी मातम पसरा हुआ है।

