उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में जिला अस्पताल परिसर के अंदर दिनदहाड़े हुई एक मोबाइल कारोबारी की हत्या से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। शुक्रवार 13 नवंबर की सुबह मोबाइल कारोबार की पुरानी रंजिश ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया और इमरजेंसी वार्ड के बाहर नितेश जौहरी उर्फ राजकुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
मोबाइल कारोबार की रंजिश ने लिया खूनी रूप
पुलिस के अनुसार ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र के जगतपुरा और आवास विकास इलाके में दो मोबाइल की दुकानें चलती हैं। एक दुकान के मालिक दिनेश जौहरी और दूसरी दुकान के मालिक अमन प्रजापति के बीच लंबे समय से व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह इसी रंजिश को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के बाद घायल कर्मचारी का मेडिकल कराने के लिए नितेश जौहरी अपने छोटे भाई दिनेश के साथ जिला अस्पताल पहुंचे थे, जहां इमरजेंसी वार्ड के पास दोनों पक्ष फिर भिड़ गए। इसी दौरान हमलावरों ने नितेश के सीने पर नुकीली वस्तु से वार कर दिया। Also read: रुद्रपुर-काशीपुर स्वच्छ सर्वेक्षण: रुद्रपुर को मिली बड़ी उपलब्धि
12 घंटे में मुख्य आरोपी गिरफ्तार, मुठभेड़ में लगी गोली
घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने छह आरोपियों की पहचान की और महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी विकास कुमार समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी बरेली के इज्जतनगर से ट्रेन पकड़कर भागने की फिराक में था। पुलभट्टा थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किच्छा में भर्ती कराया गया है। आकाश कुमार और विनोद कुमार को भी गिरफ्तार किया गया है। Also read: देहरादून में रेसिंग कार ने ली सुरक्षा गार्ड की जान, विनोद मॉल की मौत
दुकान सील, मकान पर बुलडोजर कार्रवाई
पुलिस और प्रशासन की टीम ने मुख्य आरोपी विकास कुमार की दुकान को पूरी तरह सील कर दिया है। साथ ही उसके मकान के अवैध हिस्से पर बुलडोजर की कार्रवाई चल रही है। एसएसपी अजय गणपति ने भ्रामक खबरों का खंडन करते हुए साफ किया कि यह घटना पुलिस की मौजूदगी में नहीं हुई थी। मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर के आधार पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अस्पताल परिसर में सुरक्षा पर उठे सवाल
जिला अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर दिनदहाड़े हुई इस हत्या के बाद अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। घटना के समय अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने अस्पताल परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

