देहरादून में आपस में रेस लगा रही गाड़ियों ने एक सिक्योरिटी गार्ड को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। यह घटना वसंत विहार थाना क्षेत्र में हुई। बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो के बीच रेस लगी थी। इसी बीच फॉर्च्यूनर ने साइकिल सवार गार्ड को टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर गया। तभी पीछे से आ रही स्कॉर्पियो उन्हें कुचलते हुए निकल गई। मृतक गार्ड की पहचान 55 वर्षीय विनोद मल्ल के रूप में हुई है।
रात 11 बजे गश्त पर थे विनोद मल्ल
पुलिस के मुताबिक, देहरादून के प्रेमनगर थाना क्षेत्र के मीठीबेरी निवासी 55 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड विनोद मल्ल पिछले करीब तीन साल से एलायंस सिक्योरिटी में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि बुधवार यानी 11 नवंबर की रात करीब 11 बजे के आसपास वह रोजाना की तरह थाना वसंत विहार क्षेत्र के अंतर्गत एफआरआई के पास नाइट शिफ्ट में साइकिल से गश्त कर रहे थे। तभी रेस लगा रही दो गाड़ियों की चपेट में आ गए।
पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
घटना के बाद विनोद मल्ल को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। 12 नवंबर को पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मृतक के साले की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ थाना वसंत विहार में मुकदमा लिखने की तैयारी चल रही है। एसपी सिटी, देहरादून शेखर सुयाल ने बताया कि थाना वसंत विहार मुकदमा लिखने की तैयारी कर रही है और गाड़ियों की पहचान की जा रही है।
रईसजादों की मस्ती ने ली जान
स्थानीय लोगों के मुताबिक, देर रात सड़कों पर रेस लगाना कोई नई बात नहीं है, लेकिन इस बार इसकी कीमत एक गरीब सिक्योरिटी गार्ड को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर गाड़ियों और उनके चालकों की पहचान करने में जुटी है। इस घटना के बाद शहर में रात में तेज रफ्तार और रेस लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है। Also read: कैंची धाम के पास कार खाई में गिरी, 1 की मौत, 4 घायल
पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई
पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर गाड़ियों और उनके चालकों की पहचान करने में जुटी है। थाना वसंत विहार में मृतक के साले की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। पुलिस का कहना है कि गाड़ियों की पहचान होते ही चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
विनोद मल्ल के परिवार में शोक का माहौल है। परिजनों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। Also read: झांसी-सभल में सड़क हादसे में 4 की मौत

