त्योहारों के दौरान अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए वाराणसी जोन पुलिस ने बड़ा अभियान चलाया है। अपर पुलिस महानिदेशक नवीन अरोड़ा के निर्देशन में नौ जनपदों में की गई कार्रवाई के दौरान सवा करोड़ रुपये से अधिक कीमत के लगभग 130 क्विंटल अवैध पटाखे बरामद किए गए। इस मामले में कुल 35 मुकदमे दर्ज कर 48 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
भदोही में सबसे ज्यादा पटाखे बरामद
पुलिस की कार्रवाई में भदोही जनपद सबसे आगे रहा। यहां छह मुकदमों में आठ आरोपियों के कब्जे से 3,417 किलोग्राम अवैध पटाखे बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।
धनतेरस से देव दीपावली तक विशेष अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर धनतेरस, दीपावली, गोवर्धन पूजा, भैया दूज, छठ और देव दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया। अवैध पटाखों के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ यह अभियान देव दीपावली तक जारी रहेगा।
व्यापारियों से अपील, लाइसेंसधारी ही लगाएं दुकानें
एडीजी नवीन अरोड़ा ने मीडिया के माध्यम से पटाखा कारोबारियों और व्यापार मंडलों से अपील की है कि बिना लाइसेंस पटाखों का निर्माण, भंडारण और बिक्री न करें। उन्होंने निर्देश दिया कि केवल निर्धारित खुले और सुरक्षित स्थानों पर अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) प्राप्त लाइसेंसधारी व्यापारी ही दुकानें लगाएं।
दिवाली पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पुलिस का कहना है कि त्योहारों के दौरान आम लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। अवैध पटाखों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए सभी जिलों में लगातार छापेमारी की जा रही है। दिवाली पर 24 घंटे बिजली और सुरक्षा व्यवस्था की खबर यहां पढ़ें
वाराणसी में प्रशासन सतर्क
वाराणसी मंडल में त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक आते हैं, इसलिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी दुकानों से ही पटाखे खरीदें। वाराणसी मेगा जॉब फेयर की खबर भी पढ़ें

