चंदनपुर चीनी मिल में गन्ने की पेराई शुरू, 93 लाख कुंतल का लक्ष्य निर्धारित
अमरोहा| 03 नवम्बर 2026। त्रिवेणी समूह की चंदनपुर चीनी मिल के पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ आज मुख्य अतिथि माननीय विधायक हसनपुर महेंद्र सिंह खड़गवंशी एवं DM डॉ. नितिन गौड़ द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर चीनी मिल में गन्ने की पेराई भी प्रारंभ हो गई।
पेराई सत्र के शुभारंभ अवसर पर सर्वप्रथम केन कैरियर पर पूर्ण वैदिक रीति-रिवाज से गुरुकुल की शिक्षिकाओं सुचेता आर्या, निधि आर्या, शिवानी आर्या, पूर्वा आर्या एवं संगीता आर्या द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं हवन किया गया। इसके उपरांत मुख्य अतिथि माननीय विधायक श्री महेंद्र सिंह खड़गवंशी एवं जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ का चीनी मिल के उपाध्यक्ष श्री आमोद कुमार शर्मा ने समस्त अधिकारियों एवं गणमान्य अतिथियों के साथ स्वागत किया।
पूजन कार्यक्रम में माननीय विधायक श्री महेंद्र सिंह खड़गवंशी, जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़, चीनी मिल के उपाध्यक्ष श्री आमोद कुमार शर्मा, जिला गन्ना अधिकारी श्री मनोज कुमार सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों एवं कृषकों ने पूर्ण विधि-विधान से केन कैरियर का पूजन किया तथा हवन में आहुति देकर पेराई सत्र 2026-27 की सफलता के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। इसके उपरांत अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर प्रथम गन्ना आपूर्ति करने वाले कृषकों को सम्मानित किया गया। बुग्गी से गन्ना लेकर आए कृषक श्री अजीत पुत्र श्री रामकुंवर निवासी मटीपुरा को माननीय विधायक द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं ट्रैक्टर से गन्ना लेकर आए कृषक श्री दयाराम पुत्र श्री मोहर निवासी खनौरा को जिलाधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। श्री सुभाष पुत्र श्री हरपाल निवासी चंदनपुर को जिला गन्ना अधिकारी श्री मनोज कुमार द्वारा माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त प्रथम ट्रॉली में गन्ना लेकर आए कृषक को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर चीनी मिल के उपाध्यक्ष श्री आमोद कुमार शर्मा ने बताया कि इस वर्ष चीनी मिल का गन्ना पेराई लक्ष्य 93.00 लाख कुंतल तथा चीनी परता का लक्ष्य 11.40 निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी कृषक भाइयों से अपील की कि वे अपना साफ, स्वच्छ एवं ताजा गन्ना चीनी मिल में आपूर्ति करें तथा गन्ने की आपूर्ति में अनावश्यक इधर-उधर न डालें। चीनी मिल में गन्ना डालकर अपना बेसिक कोटा मजबूत करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि किसानों को गत वर्षों की भांति समय से गन्ना मूल्य का भुगतान किया जाएगा।

