Buduan News: खाद्यान्न घपलेबाजी, 15 अधिकारी खंगालेंगे घपला करने वाले कोटेदारों की कुंडली
बदायूं।उचितदर विक्रेताओं की ओर से अंत्योदय और पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को मिलने वाले खाद्यान्न वितरण में घपला किया गया है।शिकायतों पर शासन ने सख्त रुख अपनाया है।डीएम अवनीश राय ने 15 विकास खंडों के जिला स्तरीय अधिकारियों को ब्लॉकों की 5-5 राशन की दुकानों के भौतिक सत्यापन करने के आदेश दिए हैं।ये अधिकारी कोटेदारों ने कहां-कितना राशन बांटा,इसकी जांच करेंगे।
जिला स्तरीय अधिकारी अपनी टीम के साथ चयनित विकास खंड की पांच ग्राम पंचायतों में कोटेदार की ओर से किए जा रहे राशन वितरण की जांच करेंगे।जांच के मुख्य बिंदुओं में नोडल अधिकारी की मौजूदगी में भौतिक सत्यापन, ई-पॉस मशीन से वितरण,35 किलो अंत्योदय व 5 किलो प्रति यूनिट पात्र गृहस्थी वितरण,रसीद पर गेहूं-चावल का मूल्य शून्य अंकित होना,घटतौली और स्टॉक की स्थिति शामिल रहेगी।
डीएम ने सभी नामित अधिकारियों को एक सप्ताह में जांच आख्या जिला पूर्ति कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जांच में गड़बड़ी मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

