नैथू गांव में बुखार से हाहाकार, 20 दिन में बालक व दो किशोरियों सहित छह की मौत
बदायूं।ब्लॉक जगत के गांव नैथू में डेंगू और बुखार फैल रहा है। नैथू गांव में 20 दिन में डेंगू से बालक व दो किशोरियों सहित छह लोगों की मौत हो चुकी है।इनसे दो दिन पहले गांव के सत्यपाल (36) की जान जा चुकी है।वह केवल सरकारी डॉक्टर की लिखी दवा ही ले रहे थे। बावजूद इसके उनकी स्थिति में सुधार नहीं हुआ।ढंग से इलाज न किए जाने के कारण ग्रामीणों में नाराजगी है।बुधवार को गांव पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम को ग्रामीणों का आक्रोश झेलना पड़ा।ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए टीम को पुलिस बुलानी पड़ गई।ग्रामीणों ने गांव में अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र खुलवाने की मांग करते हुए एसीएमओ डॉ.श्रीमोहन झा को ज्ञापन दिया।
स्वास्थ्य विभाग की टीम बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे नैथू गांव पहुंची।इस पर ग्रामीणों ने टीम का घेराव कर नाराजगी जताई। गांव के शकील अहमद, राजकुमार चौहान, राजकुमार,खुशीराम,अशोक चौहान ने गांव में तत्काल अस्थायी स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग की।ग्रामीणों का कहना था कि जब तक गांव में बुखार का प्रकोप कम नहीं होता,तब तक स्वास्थ्य विभाग की टीम को नियमित रूप से गांव में रहकर मरीजों की जांच और उपचार करना चाहिए।ग्रामीणों ने साफ कहा कि केवल दवाएं बांटने से समस्या का समाधान नहीं होगा।गंभीर मरीजों की जांच,ड्रिप और जरूरत पड़ने पर तत्काल भर्ती करने की व्यवस्था भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांव में एएनएम,जीएनएम,बीफार्मा,डीफार्मा किए हुए लोग स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियाें की मदद भी करेंगे।

