शादी का झांसा देकर युवती से दगाबाजी, युवती की मौत के बाद सिपाही निलंबित; मुकदमा दर्ज होते ही भागा
बदायूं। शादी का झांसा देकर संबंध बनाने और बाद में शादी से मना करने के आरोप में हरदोई जिले के थाना पियाना में तैनात सिपाही जीशान के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।वहीं हरदोई के पियाना थाने में तैनात आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया।उसके फरार होने की बात सामने आई है।मृतका के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपी सिपाही के छुट्टी लेकर फरार होने की बात सामने आई है।कोतवाली क्षेत्र के गांव कोट निवासी युवती की करीब पांच वर्ष पहले नगर के एक कोचिंग सेंटर में जीशान से मुलाकात हुई थी।दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे प्रेम संबंध हो गए।परिजनों के मुताबिक,दोनों ने शादी करने की सहमति भी जताई थी।करीब दो वर्ष पहले जीशान का पुलिस विभाग में चयन हो गयाष उसकी तैनाती हरदोई जिले के थाना पियाना में हो गई।
युवती भी अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती रही।उसने दिल्ली में परीक्षा देने के साथ अन्य परीक्षाओं में भी भाग लिया।मृतका के भाई ने तहरीर में आरोप लगाया है कि बाद में जीशान ने शादी करने से मना कर दिया।युवती ने उसे मनाने का प्रयास किया,लेकिन बात नहीं बनी।तहरीर में अश्लील फोटो और वीडियो प्रसारित करने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है।इससे परेशान युवती ने परिजनों को पूरी बात बताई।इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई।परिजन उसे मुरादाबाद के निजी अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।पुलिस ने आरोपी के घर दबिश दी,लेकिन वहां ताला लगा मिला।हरदोई के थाना पियाना के इंस्पेक्टर श्याम नारायण ने सिपाही जीशान के निलंबन की पुष्टि की है।वहीं सीओ अंशुमन वास्तव ने बताया कि आरोपी सिपाही की गिरफ्तारी को प्रयास जारी हैं।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

