Amroha News :अमरोहा, जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने बताया कि दिनांक 02 अक्टूबर 2026 को जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में पीपुल्स प्लान कैंपेन (PPC) ‘सबकी योजना–सबका विकास’ के अंतर्गत ग्राम सभाओं का आयोजन करते हुए ‘रिफॉर्म उत्सव’ मनाया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, पंचायत स्तर पर किए जा रहे विकास कार्यों एवं विभिन्न सुधारों की जानकारी उपलब्ध कराने के साथ जनभागीदारी को बढ़ावा देना है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्राम सभाओं में महिलाओं, युवाओं, स्वयं सहायता समूहों, कमजोर एवं वंचित वर्गों सहित अधिक से अधिक ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। ग्राम सभाओं में पंचायत राज व्यवस्था, पंचायतों को उपलब्ध संसाधन, स्वामित्व योजना, डिजिटल भूमि अभिलेख, VB-G RAM G, लखपति दीदी, महिला सशक्तिकरण, जल जीवन मिशन, स्वच्छता, ग्रामीण पेयजल, कृषि एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सरल एवं स्थानीय भाषा में दी जाए।
उन्होंने निर्देशित किया कि ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की समस्याओं, सुझावों एवं स्थानीय विकास संबंधी आवश्यकताओं को सुनकर उनका अभिलेखीकरण किया जाए तथा पेयजल, स्वच्छता, सड़क, कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सुरक्षा जैसे विषयों को ग्राम पंचायत विकास योजना में प्राथमिकता दी जाए। ग्राम सभा का आयोजन केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि इसे जनभागीदारी एवं स्थानीय विकास का प्रभावी माध्यम बनाया जाए।
जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों, खंड विकास अधिकारियों एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का प्रभावी अनुश्रवण करने तथा ग्राम सभाओं की कार्यवाही, उपस्थिति एवं फोटो-वीडियो सहित समस्त विवरण निर्धारित पोर्टल पर समय से अपलोड कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम के आयोजन एवं रिपोर्टिंग में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी।

