अमरोहा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमाकांत सागर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में माह अक्टूबर 2026 में प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान तथा संचारी रोगों एवं दिमागी बुखार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए अंतर विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि संचारी रोग नियंत्रण अभियान 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक तथा विशेष दस्तक अभियान 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में साफ-सफाई, जलभराव की रोकथाम, पेयजल की शुद्धता, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने तथा संक्रामक रोगों के प्रति आमजन को जागरूक करने का कार्य प्रभावी ढंग से किया जाए।
उन्होंने कहा कि आशा एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर जाकर बुखार के रोगियों की पहचान, दिमागी बुखार के लक्षणों के संबंध में जानकारी तथा आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए लोगों को जागरूक किया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों, ग्राम पंचायतों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएं। संबंधित विभाग अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करते हुए अभियान की प्रगति की नियमित समीक्षा करें। साथ ही, किसी भी क्षेत्र में रोगों की स्थिति सामने आने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं नगर पंचायत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

