समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर (अमरोहा)। नगर के कर्बला तालाब में स्थानीय निकायों द्वारा लगातार दूषित पानी छोड़े जाने से ब्लॉक कॉलोनी के लोगों में भारी आक्रोश है। शुक्रवार को मोहल्ले के निवासियों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की।प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बरसात के बाद तालाब में जलभराव के साथ लगातार गंदा पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे आसपास का भूजल प्रदूषित हो गया है।
उनका कहना है कि क्षेत्र के समरसेबल और हैंडपंपों से बदबूदार एवं दूषित पानी निकल रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है। पीने और घरेलू उपयोग के लिए लोगों को बाजार से पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत पहले भी संबंधित अधिकारियों से की गई थी।
शिकायत के बाद कुछ समय के लिए तालाब में गंदे पानी की निकासी रोक दी गई थी, लेकिन बाद में फिर से दूषित पानी छोड़ा जाने लगा। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ गई और उन्हें प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा।प्रदर्शन के दौरान लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही तालाब में गंदे पानी की निकासी बंद नहीं कराई गई और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।प्रदर्शन में उर्मिला, प्रभा, कमलेश, सरोज, शिवा, प्रिंस, मधु, ममता, गंगादेही सहित बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मौजूद रहे।

