Moradabad Accident-मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में शुक्रवार आधी रात एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। मझोला थाना क्षेत्र की एकता नगर कॉलोनी में घर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन में अचानक हुए फॉल्ट के कारण पूरे घर की वायरिंग में करंट दौड़ गया। इस खौफनाक हादसे में एक ही परिवार के तीन लोग बुरी तरह झुलस गए हैं, जिनमें पति-पत्नी और उनका 7 साल का मासूम बेटा शामिल है। हादसे में घायल महिला की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
पंखे का स्विच ऑन करते ही भड़की आग जानकारी के मुताबिक, ओमपाल सिंह अपने परिवार के साथ एकता नगर कॉलोनी में रहते हैं। उनके बड़े बेटे सतीश ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे बिजली कट जाने के कारण पूरा परिवार गर्मी से बचने के लिए छत पर सोने चला गया था। कुछ देर बाद जब बिजली वापस आई, तो ओमपाल सिंह की पत्नी बबीता ने उनसे छत पर पंखे का तार लगाने को कहा। ओमपाल ने जैसे ही पंखे का प्लग लगाकर स्विच ऑन किया, ठीक उसी समय घर के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्टेज की हाईटेंशन लाइन में भयंकर फॉल्ट हो गया।
पूरे घर की वायरिंग में दौड़ा करंट, मची चीख-पुकार सतीश के अनुसार, फॉल्ट होते ही घर की पूरी वायरिंग में आग लग गई और भयानक करंट दौड़ने लगा। पलक झपकते ही ओमपाल सिंह, उनकी पत्नी बबीता और 7 वर्षीय बेटा हर्षित करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए। दर्दनाक हादसे के बाद परिवार की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर दौड़े और आनन-फानन में घायलों को मुरादाबाद के जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने जाना घायलों का हाल हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया। एसडीएम (SDM) सदर और सीओ (CO) सिविल लाइंस ने तुरंत जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली। अधिकारियों ने अस्पताल के चिकित्सकों को घायलों, विशेषकर गंभीर रूप से झुलसी बबीता का समुचित और त्वरित इलाज करने के सख्त निर्देश दिए हैं। फिलहाल पुलिस और बिजली विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।

