बदायूं में बारिश से उफनाई सोत नदी, रपटा पुल डूबा, छह से अधिक गांवों का ककराला से कटा संपर्क
बदायूं जिले में आज बुधवार को लगातार चार घंटे हुई मूसलाधार बारिश से सोत नदी उफना गई है।सोत नदी पर बने रपटा पुल पर तीन फुट तक पानी बहने के कारण आवागमन बंद हो गया।इससे छह से अधिक गांवों का संपर्क अन्य स्थानों से कट गया है। मजबूरी में ग्रामीण सात किमी का अतिरिक्त सफर तय कर भोजपुर पुल से होकर ककराला कस्बे पहुंचे।
बदायूं होकर ककराला की ओर जाने वाली सोत नदी पर मुहम्मदगंज गांव के पास रपटा पुल बना है।आज बुधवार दोपहर सोत नदी उफनाने की वजह से रपटा पुल डूब गया।रपटा पुल के ऊपर तीन फुट तक पानी बहने के कारण मुहम्मदगंज बेहटा, डंवरनगर, बादुल्लागंज सहित आधा दर्जन गांव का ककराला से संपर्क कट गया है।
पानी में डूबा पुल, आवागमन बंद:-दिन में बड़ी संख्या में लोग सिर पर सामान रखकर निकले।हादसा होने की आशंका के मद्देनजर कुछ लोग पुल से ही वापस लौट गए।मजबूरी में उन्होंने भोजपुर पुल से होकर ककराला तक का सफर तय किया।इस रास्ते से उन्हें सात किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।
पानी में बंद हुआ वाहन:-दोपहर में एक इको चालक ने वाहन को रपटा पुल से निकलने का प्रयास किया, लेकिन पानी भरने से वाहन बंद हो गया।इसके बाद उसे धक्का लेकर आगे ले जाया गया। रपटा पुल बंद होने से ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ी।
एडीएम वित्त एवं राजस्व त्रिभुवन ने बताया कि सोत नदी पर अतिक्रमण की वजह से पानी का बहाव रुकने की बात सामने आई है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई जाएगी। सिंचाई विभाग से रिपोर्ट मांगी गई है।ग्रामीणों से पुल से होकर आवागमन न करने की अपील की गई है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

