डायवर्जन से शहर में लगा जाम तो सड़क पर निकलीं एसएसपी, यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
बदायूं में पुलिस लाइन के पास रेलवे क्रॉसिंग पर बने ओवरब्रिज के एक्सपेंशन ज्वाइंट का गैप बढ़ने की वजह से मरम्मत कार्य शुरू हो गया है।मरम्मत कार्य के दौरान एक माह के लिए ओवरब्रिज पर यातायात बंद कर दिया गया है।इस वजह से ओवरब्रिज के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था बेपटरी हो गई।सोमवार को भीषण जाम से शहर वासी कराह उठे।जाम की समस्या प्रमुखता से उठाए जाने के बाद मंगलवार की दोपहर एसएसपी अंकिता शर्मा ने शहरी क्षेत्र में रूट डायवर्जन एवं यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया और संबंधित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
थाना सिविल लाइंस क्षेत्र में संतोष सिंह तिराहा से भामाशाह चौक (पुलिस लाइन) के मध्य स्थित ओवरब्रिज पर एक्सपेंशन ज्वाइंट के मरम्मत कार्य हो रहा है।इस पर एक माह तक वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित कर रूट डायवर्जन लागू किया गया है।यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए एसएसपी ने संतोष सिंह तिराहा,भामाशाह चौक एवं नेकपुर अंडरपास क्षेत्र का निरीक्षण किया और ड्यूटी पर तैनात अधिकारी/कर्मचारियों को यातायात संचालन,रूट डायवर्जन का पालन कराने एवं आमजन को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी उपलब्ध कराने के संबंध में निर्देश दिए गए।एसएसपी ने कहा कि सड़कों पर जाम नहीं लगना चाहिए।ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

जनपद कासगंज, मथुरा एवं एटा से आने वाहन, जो उसावां, ककराला व जनपद फर्रूखाबाद की तरफ जाएंगे।वे वाहन मेडिकल तिराहे से आरटीओ चौराहा,पटेल चौक,नवादा चौराहा (शहीद भगत सिंह चौक),मझिया मोड़,केशव चौकी से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।जनपद बिजनौर,संभल एवं बिल्सी की तरफ से आने वाले वाहन, जो उसावां,ककराला व जनपद फर्रूखाबाद की तरफ जाएंगे। वे वाहन आरटीओ चौराहा,पटेल चौक,नवादा चौराहा (शहीद भगत सिंह चौक),मझिया मोड़,केशव चौकी से अपने गंतव्य की ओर जाएंगे।रोडवेज बसें अपने-अपने बस अड्डों से बदायूं से उसावां, ककराला तथा जनपद फर्रूखाबाद की ओर जाएंगी, वे पुलिस लाइन चौराहे (भामाशाह चौक) से इंद्रा चौक से दातागंज तिराहे से मझिया मोड़,केशव चौकी चौराहे से अपने गंतव्य की ओर जाएंगी।
इन प्वाइंटों पर डायवर्जन:-बिल्सी मोड़, दातागंज तिराहा,पुलिस लाइन चौराहा,जेल तिराहा,संतोष सिंह तिराहा और मण्डी चौकी चौराहा पर वाहनों का डायवर्जन किया गया है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

