जिस पुल से कार गिरने से हुई थी तीन लोगों की मौत, वो आज भी अधूरा; फाइलों में अटका काम
डेढ़ साल पहले इस अधूरे पुल से कार गिरने से तीन लोगों की हुई थी मौत
बदायूं के दातागंज क्षेत्र में रामगंगा नदी पर मुढ़ा पुख्ता क्षतिग्रस्त पुल की मरम्मत और विस्तार का मामला फिर फंस गया है। लोक निर्माण विभाग और सेतु निगम की ओर से भेजे गए 104 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को शासन की वित्त समिति ने पांचवीं बार आपत्तियों के साथ वापस कर दिया है।लगातार हो रही देरी के कारण पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पा रहा है।ऐसे में आगामी बाढ़ सीजन से पहले पुल के चालू होने की उम्मीद लगभग खत्म होती नजर आ रही है। हालांकि विभाग ने शुक्रवार को फिर फाइल शासन को भेज दी है।
दातागंज क्षेत्र के गांव मुढ़ा पुख्ता और फरीदपुर के बीच रामगंगा नदी पर बने इस पुल का एक हिस्सा सितंबर 2023 में आई भीषण बाढ़ में बह गया था। इसके बाद से पुल अधूरा पड़ा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। 24 नवंबर 2024 को कार गिरने से उसमें सवार तीन युवकों की मौत हो गई थी।ये लोग गूगल मैप के सहारे इस रास्ते पर कहीं जा रहे थे।पिछले डेढ़ वर्ष से आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।पुल बंद होने के कारण लोगों को कई किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

200 मीटर बढ़ेगी पुल की लंबाई:-पुल के स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से आईआईटी रुड़की से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई थी।टीम ने जनवरी 2025 में मॉडल स्टडी कर चार माह बाद अपनी रिपोर्ट विभाग को सौंपी। रिपोर्ट में पुल की लंबाई 200 मीटर बढ़ाने,400 मीटर का नया संपर्क मार्ग बनाने और करीब तीन से चार किलोमीटर अतिरिक्त संपर्क मार्ग विकसित करने की सिफारिश की गई थी।आईआईटी की रिपोर्ट के आधार पर शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए 104 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी है।अब जल्द ही लोक निर्माण विभाग की ओर से निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

