एक और लूटकांड का खुलासा, मुठभेड़ में तीन बदमाश गिरफ्तार, दो घायल
बदायूं।इस्लामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सुंदरनगर के एक घर में 16 मई की रात हुई लूट की घटना का पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार करके खुलासा कर दिया।मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगीं।इस कार्रवाई में एक हेड कांस्टेबल भी घायल हुआ है।पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से लूटा गया माल,नकदी और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
सुंदरनगर के मैदान सिंह गूजर के घर से अज्ञात बदमाश लूटपाट कर काफी सामान ले गए थे।घटना के बाद से ही पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी हुई थी।इस्लामनगर कस्बे में निजाकत अली के यहां 19 मई की रात हुई डकैती और सिठौली गांव के चार घरों में लूटपाट की घटना का खुलासा करने के बाद पुलिस ने सुंदरनगर की घटना के खुलासे के लिए भी प्रयास तेज किए।कई टीमें इस मामले के खुलासे के लिए काम कर रही थीं।

यह सामान हुआ बरामद:-गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से एक जोड़ी पाजेब, दो लॉकेट और अंगूठी के साथ ही लूटे गए सात हजार रुपये बरामद किए गए।उनसे मिले अवैध हथियारों में दो तमंचे 315 बोर के हैं।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी:-एसपी ग्रामीण डॉ हृदेश कठेरिया ने बताया कि गिरफ्तार बदमाशों से गहन पूछताछ की गई।उम्मीद है कि इस गिरोह के अन्य सदस्य भी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। यह गिरोह क्षेत्र में अन्य आपराधिक घटनाओं में भी शामिल हो सकता है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

