डकैती के चौथे दिन घटनास्थल से एक किमी दूर हथियारबंद बदमाशों ने फिर एक दंपती को बनाया लूट का शिकार
इस्लामनगर।इस्लामनगर थाना क्षेत्र में डकैती के चौथे दिन घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर कल शुक्रवार रात करीब साढ़े दस बजे हथियारबंद बदमाशों ने बाइक से घर लौट रहे दंपती और उनके रिश्तेदार को निशाना बनाते हुए तमंचों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दे डाला।बदमाश महिला के जेवर उतरवाने के साथ ही 50 हजार की नकदी लूटकर भाग गए।घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई,जबकि इस्लामनगर थाने में शुक्रवार शाम को डीआईजी रेंज अजय साहनी भी मौजूद थे।फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के मुडिया निवासी जाहिद अपनी पत्नी करिश्मा और साले आमीन के साथ बाइक से इस्लामनगर से घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कंधरपुर गांव के पास स्थित ईंट भट्ठे के नजदीक पहुंची,तभी दो बाइकों पर सवार चार बदमाशों ने उन्हें घेर लिया।

इधर, क्षेत्र में चल रहे उर्स मेले को लेकर पहले से ही पुलिस अलर्ट मोड पर है।बावजूद इसके लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि उर्स के दौरान बड़ी संख्या में बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी है,इसके चलते क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां भी तेज हो गई है।इसी क्षेत्र में बीते मंगलवार को एक घर में डकैती और चार घरों में लूट की वारदात भी हो चुकी है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

