अमर ज्योति प्रकरण: बरेली में आरोपी तीनों भाइयों के घरों पर नोटिस चस्पा, 200 करोड़ की ठगी का है आरोप
बदायूं जिले के चर्चित 200 करोड़ रुपये के अमर ज्योति निवेश घोटाले में फरार चल रहे तीनों मुख्य आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा और कस दिया है। लंबे समय से फरार चल रहे बरेली निवासी शशिकांत मौर्य, सूर्यकांत मौर्य और श्रीकांत मौर्य के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई शुरू कर दी गई।शनिवार को बदायूं कोतवाली पुलिस ने बरेली पहुंचकर आरोपियों के घरों पर धारा 84 बीएनएसएस के तहत नोटिस चस्पा किए और सार्वजनिक रूप से मुनादी कराकर उन्हें न्यायालय में हाजिर होने की चेतावनी दी।
यदि आरोपी तय समय सीमा के भीतर न्यायालय में उपस्थित नहीं होते हैं तो उनके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस कार्रवाई के बाद घोटाले में फंसे निवेशकों के बीच एक बार फिर उम्मीद जगी है कि आरोपियों की गिरफ्तारी और उनकी संपत्तियों पर कार्रवाई के जरिए उनकी जमा पूंजी वापस मिलने का रास्ता खुल सकता है।

