कुंवरगांव पुलिस पर युवक को पकड़कर झूठा मुकदमा दर्ज करने का आरोप,
कुंवरगांव थाना क्षेत्र के एक दंपती ने पुलिस पर फर्जी शराब मुकदमा दर्ज करने का आरोप लगाते हुए एसएसपी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने शराब ठेके से पकड़कर वीडियो बनाई और बाद में झूठा मुकदमा दर्ज कर दिया।कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव पनौटा के रहने वाले कृपाल सिंह पुत्र टोडीलाल ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 10 मई की शाम करीब 4:45 बजे वह कसेर के देसी शराब ठेके पर शराब पी रहा था।इसी दौरान थाना कुंवरगांव में तैनात दो सिपाही मौके पर पहुंचे और उसे पकड़कर थाने ले गए।
आरोप है कि थाने में बंद करने के बाद पुलिसकर्मियों ने कहा कि एक घंटे बाद छोड़ देंगे। पीड़ित का कहना है कि शाम करीब 7 बजे पुलिसकर्मी उसे बाजार रोड स्थित सांई मंदिर के पास लेकर पहुंचे,जहां उससे जबरन एक थैला पकड़वाकर सड़क पर दौड़ाया गया। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मियों ने अपने मोबाइल से वीडियो भी बनाई।
युवक का कहना है कि दौड़ते समय वह सड़क पर गिर पड़ा,जिसके बाद थैले में शराब के पाउच दिखाकर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज कर दिया गया। कृपाल सिंह ने आरोप लगाया कि देर रात करीब 10 बजे पुलिस ने दो जमानतियों के आधार कार्ड लेकर उसे छोड़ दिया। युवक का कहना है कि पूरी घटना कस्बे में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है और फुटेज की जांच होने पर सच्चाई सामने आ जाएगी पीड़ित ने एसएसपी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

