Budaun News: दुल्हन की विदाई के दौरान एक कुत्ते ने फैलाई दहशत, 36 लोगों को काटा, मची भगदड़
बदायूं के बिसौली में बिल्सी रोड स्थित मलइया वाले बाबा मंदिर के पास कल सोमवार सुबह शादी के बाद विदाई समारोह के दौरान एक लावारिस कुत्ते ने 36 लोगों को काटकर घायल कर दिया।अचानक हुए हमले से लोग सहम गए और इधर-उधर भागने लगे।बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर घायलों की भीड़ लग गई।सभी घायलों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाने के बाद घर भेज दिया गया।
लोगों ने बताया कि सुबह दस बजे कुत्ता अभिनंदन बैंक्वेट हॉल में घुस गया।जहां एक शादी समारोह के बाद दुल्हन की विदाई की रस्म चल रही थी।अचानक हुए हमले से वहां मौजूद महिलाओं और बच्चों में चीख पुकार मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई लोग गिरकर भी घायल हो गए।लोगों ने बताया कि बेकाबू कुत्ता जहां-तहां भागता रहा और दुकानों के बाहर खड़े लोगों,राहगीरों और ग्राहकों को भी काट लिया।बाद में कुत्ता गांव की ओर चला गया। वहां उसने दुधारू पशुओं को भी काट लिया।

नाराज लोगों ने की कार्रवाई की मांग:-इस घटना के बाद नगर में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने नगर पालिका और प्रशासन के प्रति नाराजगी व्यक्त की है। लोगों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए लावारिस कुत्ते को पकड़ने की मांग की है। उन्होंने इलाके में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की भी अपील की है।संक्रमण फैलने की आशंका को देखते हुए लोगों में चिंता बढ़ गई है। कुत्ते द्वारा अन्य लावारिस कुत्तों को काटने की खबर ने इस चिंता को और गहरा दिया है।रिपोर्ट -जयकिशन सैनी

