सड़क पर अमर ज्योति कंपनी के एजेंट और निवेशकों के बीच मारपीट, जमकर चले लात-घूंसे
बदायूं में अमर ज्योति कंपनी के एजेंट और निवेशकों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है।बीच सड़क पर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई।इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
बदायूं में निवेश के नाम पर ठगी करने की आरोपी अमर ज्योति कंपनी के एजेंट और निवेशकों के बीच मारपीट हो गई।बीच सड़क पर जमकर लात-घूंसे चले, जिससे अफरा-तफरी मच गई। किसी ने घटना का वीडियो बना लिया,जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।दोनों पक्षों ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र दिया है। इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
अमर ज्योति कंपनी को बंद हुए लगभग एक साल हो चुका है।उसका जिन्न शनिवार को दोबारा सामने आया।सदर कोतवाली क्षेत्र के मथुरिया गेट के पास रहने वाले कार्तिक साहू अमर ज्योति कंपनी में एजेंट का काम करता था।कबूलपुरा के रहने वाले चार-पांच लोग जिनका अमर ज्योति कंपनी पर एक से दो लाख रुपये बकाया है।वह अपने रुपये लेने के लिए कार्तिक साहू के पास पहुंचे थे। दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई।विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट होने लगी।इस पर कार्तिक साहू पक्ष के लोग भी आ गए।मारपीट करते हुए दोनों पक्षों के लोग सड़क पर आ गए।जमकर लात-घूंसे चले।ईंट-पत्थर भी फेंके गए।


