किशोरी की मौत ने बढ़ाई युवकों की दिक्कत, हो सकती है कार्रवाई
उझानी।कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति की 16 वर्षीय बेटी की फंदे से लटककर मौत के मामले में प्रेम-प्रसंग और छेड़खानी के बीच पेंच फंस गया है।पोस्टमॉर्टम में मौत की वजह हैंगिंग आई है।परिवार के लोग इसके लिए दो युवकों की करतूत को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं। उन्हीं की वजह से किशोरी ने जान दी है।
पोस्टमॉर्टम कराके परिवार के लोग किशोरी के शव के साथ सोमवार अपरांह घर लौटे तो कोहराम मच गया। दो युवकों की करतूत को ग्रामीण अपनी-अपनी नजर से देख रहे हैं। शोर इस बात का भी है कि दोनों आरोपियों में से एक युवक से किशोरी का प्रेम-प्रसंग रहा था। परिवार के लोगों को जब इसका पता लगा तो उन्होंने आरोपियों समेत किशोरी पर शिकंजा कसा।इसी वजह से किशोरी ने कमरे में ही फंदे से लटककर जान दे दी।दूसरी तरफ, मृतका के पिता ने बताया कि उनकी बेटी के साथ दो युवकों ने छेड़खानी की थी।परेशान किशोरी ने इसी के चलते आत्महत्या की है।
मौत पर पसोपेश के बाद पुलिस ने आरोपियों में एक युवक से पूछताछ भी की है। वह भी हकीकत बयां कर चुका है।आरोपियों के परिजनों के जरिये भी पुलिस को कुछ और जानकारियां मिल रहीं हैं।सच्चाई हालांकि पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगी, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम में आरोपियों पर कार्रवाई होने के आसार बढ़ गए हैं।मृतका के पिता ने बताया कि वह अंतिम संस्कार के बाद पुलिस के सामने लिखित शिकायत करेंगे। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि मृत किशोरी के पिता की ओर से तहरीर मिलती है तो उस पर जांच के बाद कार्रवाई होगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

