IND vs SA : कोच गौतम गंभीर की अगुआई में भारतीय खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ ईडन गार्डेंस में अभ्यास करते नजर आए। कप्तान शुभमन गिल ट्रेनिंग में शामिल नहीं थे, लेकिन कई भारतीय बल्लेबाजों ने जमकर पसीना बहाया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट की हार के बाद टीम इंडिया अब वापसी के लिए बेकरार है। 22 नवंबर से शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट से पहले टीम ने आराम करने के बजाय अतिरिक्त दिनों में भी कड़ी ट्रेनिंग चुनी। दो मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत फिलहाल 0-1 से पीछे है।
IND vs SA : जडेजा, जुरेल समेत कई खिलाड़ियों का नेट अभ्यास, स्पिनरों पर खास फोकस
अभ्यास सत्र में विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल और ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने नेट्स पर लम्बी बल्लेबाजी की। उन्होंने आकाश दीप, वाशिंगटन सुंदर और स्थानीय गेंदबाजों का सामना किया। पहले टेस्ट में भारत 124 रन के छोटे लक्ष्य का पीछा भी नहीं कर पाया था और दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर सिमोन हार्मर व केशव महाराज के आगे संघर्ष करता दिखा था। इसी कमजोरी को ध्यान में रखते हुए अभ्यास में स्पिन के खिलाफ रणनीति पर विशेष ध्यान दिया गया।
IND vs SA : साई सुदर्शन और जुरेल का एक पैड के साथ अभ्यास, गंभीर की खास निगाह
अभ्यास के दौरान एक अनोखा दृश्य देखने को मिला जब साई सुदर्शन और ध्रुव जुरेल सिर्फ एक पैड पहनकर बल्लेबाजी करते दिखे। बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदर्शन ने दाएं पैर पर पैड नहीं पहना था, जबकि जुरेल ने भी दाएं पैर पर पैड लगाए बिना रिवर्स स्वीप पर फोकस किया। कोच गौतम गंभीर ने सुदर्शन की बल्लेबाजी पर खास नजर रखी। गिल की चोट के कारण दूसरे टेस्ट में उनके न खेलने की संभावना है, ऐसे में सुदर्शन संभावित विकल्पों में शामिल हैं। हालांकि वे तेज गेंदबाजों के सामने संघर्ष करते नजर आए।
IND vs SA : वैकल्पिक अभ्यास में सिर्फ छह खिलाड़ी पहुंचे, जडेजा ने लंबी बल्लेबाजी की
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वैकल्पिक अभ्यास सत्र में सिर्फ छह खिलाड़ी ही पहुंचे। इनमें जडेजा भी शामिल थे, जिन्होंने सबसे ज्यादा समय तक बल्लेबाजी की। नेट गेंदबाजों ने सुदर्शन को खासा परेशान किया, जिस पर गंभीर और बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने उनसे ब्रेक के दौरान लैंथ और तकनीक को लेकर बातचीत भी की। टीम दूसरे टेस्ट से पहले अपनी कमियों को दूर करने और स्पिनरों के खिलाफ अधिक तैयार होकर उतरने की कोशिश में जुटी है।

