खेत में टूटे पड़े हाईटेंशन तार की चपेट में आया 12 साल का बालक, करंट लगने से मौत..
बदायूं।सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के पड़ौआ गांव में खेत पर जाते समय बालक की हाईटेंशन (एचटी) लाइन की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव के बाहर सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। ग्रामीण बिजली निगम के जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया व आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

गांव पड़ौआ निवासी सत्यम का 12 वर्षीय पुत्र शिवम बृहस्पतिवार सुबह अपने खेत की तरफ गया था। इसी दौरान वह रास्ते में टूट पड़े हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
तीन दिन से टूटा पड़ा था बिजली का तार:-ग्रामीणों के अनुसार, गांव के बाहर खेतों में एचटी लाइन का तार तीन दिन से टूटा पड़ा था। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बिजली निगम के अधिकारियों से कई बार की, लेकिन निगम ने समय रहते मरम्मत नहीं कराई। समय रहते अगर तार को ठीक कर दिया जाता तो मासूम की जान बच सकती थी। अब गांव के लोग विभागीय जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।बिजली निगम के अधिशासी अभियंता संदीप कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी।जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
सिविल लाइंस थाने के प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार ने बताया कि पड़ौआ गांव में एचटी लाइन के करंट की चपेट में आकर एक बालक की मौत हो गई है।पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है। यदि कोई तहरीर मिलेगी तो केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट – जयकिशन सैनी (समर इंडिया)
Related