नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जगतपुरी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला और खौफनाक हत्याकांड सामने आया है। यहां एक 20 साल की बीवी ने चरित्र पर शक करने वाले अपने ही पति को खौफनाक मौत दे दी। जिस उम्र में लोग अपना भविष्य संवारते हैं, उस उम्र में इस नई नवेली दुल्हन ने ऐसा खूनी खेल खेला जिसे सुनकर पुलिस भी सन्न रह गई। पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में इस मर्डर मिस्ट्री को सुलझाते हुए आरोपी पत्नी अलीशा को गिरफ्तार कर लिया है।
रात 3:52 बजे आई कॉल और खुल गया राज जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई की तड़के 3:52 बजे जगतपुरी पुलिस को राशिद मार्केट से एक पीसीआर कॉल मिली। कॉलर ने बताया कि एक महिला ने अपने पति का गला घोंट दिया है। सूचना मिलते ही ASI हेमंत सिंह की टीम मौके पर पहुंची। कमरे में 20 वर्षीय मुस्तकीम उर्फ साहिल बेहोश पड़ा था। उसे तुरंत डॉ. हेडगेवार अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की।
शक, मोबाइल और खौफनाक मौत… जांच का जिम्मा इंस्पेक्टर अभिषेक कुमार सिंह को सौंपा गया। पुलिस ने जब गवाहों के बयान दर्ज किए और क्राइम सीन की बारीकी से जांच की, तो शक की सुई पत्नी अलीशा पर घूमी। कड़ाई से पूछताछ करने पर अलीशा टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया।
अलीशा ने बताया कि उसका पति अक्सर उस पर शक करता था। घटना वाली रात साहिल ने उसका मोबाइल छीन लिया और उसमें सबूत ढूंढने लगा। इसी बात पर दोनों के बीच जोरदार झगड़ा और हाथापाई हुई। अलीशा के मुताबिक, पति ने उसके साथ मारपीट की, जिसके बाद गुस्से में आकर वह पति के सीने पर बैठ गई और पास पड़े दुपट्टे से उसका गला घोंट दिया।
सास को देखते ही भागी, गुरुद्वारे में ली शरण हत्या के दौरान ही साहिल की मां अचानक कमरे में आ गई। अपनी सास को देखते ही अलीशा बुरी तरह डर गई और मौके से भाग निकली। गिरफ्तारी से बचने के लिए उसने पास के ही एक गुरुद्वारे में जाकर छिपने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की पैनी नजरों से बच नहीं सकी। पुलिस ने उसे गुरुद्वारे से गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल किया गया दुपट्टा भी बरामद कर लिया है।

