उत्तराखंड में मोथा चक्रवाती तूफान का कोई प्रत्यक्ष प्रभाव नहीं है, लेकिन इसके कारण पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र में भी सक्रिय हो गया। इससे उत्तराखंड की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात और वर्षा दर्ज की गई। खासकर कुमाऊं के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बर्फबारी देखने को मिली, जिसके चलते ज्यादातर इलाकों में तापमान में गिरावट आई है।
Uttarakhand Weather Update: आज ज्यादातर क्षेत्रों में रहेगा शुष्क मौसम
मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। हालांकि पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। मंगलवार को ताजा पश्चिमी विक्षोभ के हिमालयी क्षेत्र में पहुंचने से मौसम का मिजाज बदल गया और राज्य के कई हिस्सों में ठंड का असर महसूस किया गया।
Uttarakhand Weather Update: देहरादून में बादलों और धूप की आंख-मिचौनी
देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही आंशिक बादल मंडराते रहे। बीच-बीच में हल्की धूप भी खिली, लेकिन दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी बनी रही। पर्वतीय इलाकों में आंशिक बादलों के बीच हल्की वर्षा की भी सूचना मिली है, खासकर कुमाऊं के सीमांत क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्की वर्षा और चोटियों पर हिमपात दर्ज किया गया।
Uttarakhand Weather Update: तापमान में आई दो से पांच डिग्री तक की गिरावट
मौसम में आए इस बदलाव से अधिकतर क्षेत्रों में पारे में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। कुमाऊं के कई इलाकों में तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा, जबकि दून और पर्वतीय क्षेत्रों में आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है।

