लखनऊ –यूपी विधानमंडल में हंगामे के कारण विधानसभा की कार्यवाही को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। इस पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्ष का लोकतंत्र और विकास विरोधी चेहरा सामने आया है। इन लोगों का आचरण शर्मनाक है। ये विकास विरोधी हैं।
नहीं हो सकी अनुपूरक बजट पर चर्चा, सदन की कार्यवाही स्थगित
यूपी विधानमंडल के मानसून सत्र के तीसरे दिन मंगलवार को पेश किए गए अनुपूरक बजट पर हंगामे के चलते चर्चा नहीं हो सकी। सदन की कार्यवाही को दो बार स्थगित करना पड़ा। इसके बाद सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई पर लगातार हंगामा होता रहा और हंगामे के बीच ही कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए गए। वहीं, हंगामा न रुकते देख विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई।
यूपी विधानसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
यूपी विधानसभा में लगातार हंगामा होता रहा। इस बीच कई महत्वपूर्ण विधेयक बिना चर्चा के ही पास हो गए। इसके बाद संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने सदन को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने की मांग की जिस पर सभापति ने सहमति दे दी।
शून्य काल में चर्चा के दौरान जमकर हंगामा, असंतुष्ट विपक्ष ने बहिर्गमन किया
यूपी विधानसभा में कार्यवाही के स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई। पेपर लीक के मुद्दे पर शून्य काल में चर्चा के दौरान जमकर हंगामा हुआ। वहीं, सरकार के जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने विधान परिषद से बहिर्गमन कर दिया।
सदन में जारी रहा हंगामा और नारेबाजी
यूपी विधानसभा में कार्यवाही के स्थगन के बाद सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई। प्रश्नकाल में सत्ता पक्ष के सदस्यों ने अपना पक्ष रखा। वहीं, विपक्ष के लोग नारेबाजी व हंगामा करते रहे।
पहले आधे घंटे के लिए और फिर एक बजे तक कार्यवाही स्थगित हुई
यूपी विधानसभा में हंगामा होना बंद नहीं हुआ जिसके बाद सदन की कार्यवाही एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। विपक्ष के सदस्य राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले पर चर्चा की मांग कर रहे हैं। इसके पहले, 11 बजे दिन की कार्यवाही शुरू होने पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने विपक्ष के सदस्यों की नसीहत दी थी पर प्रश्नकाल शुरू होते ही हंगामा होने लगा जिस पर सदन की कार्यवाही पहले आधे घंटे के लिए स्थगित की गई। वहीं, दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर एक बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।

