अंतरराष्ट्रीयराष्ट्रीयउत्तर प्रदेशउत्तराखंडपंजाबहरियाणाझारखण्डऑटोमोबाइलगैजेट्सखेलनौकरी और करियरमनोरंजनराशिफलव्यवसायअपराध

---Advertisement---

यूपी चुनाव 2027: ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद ने बनाया ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’, सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने का ऐलान

On: November 12, 2026 7:42 PM
Follow Us:
यूपी चुनाव 2027: ओवैसी-चंद्रशेखर आजाद ने बनाया ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा
---Advertisement---

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने मिलकर नए राजनीतिक गठबंधन का ऐलान किया है। लखनऊ के एक निजी होटल में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का नाम ‘सामाजिक परिवर्तन मोर्चा’ रखा।

दोनों नेताओं ने घोषणा की कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में चंद्रशेखर आजाद मुख्यमंत्री पद का चेहरा होंगे। गठबंधन ने प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा किया है। नेताओं के मुताबिक, इस मोर्चे का उद्देश्य बहुजन, दलित, पिछड़े, अल्पसंख्यक और वंचित वर्गों को राजनीतिक हिस्सेदारी दिलाना तथा बीजेपी को सत्ता में आने से रोकना है।

ओवैसी बोले- तीसरा नहीं, पहला और मजबूत मोर्चा है

गठबंधन की घोषणा करते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा केवल तीसरा मोर्चा नहीं, बल्कि पहला और मजबूत मोर्चा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में सामाजिक और राजनीतिक बदलाव लाने के उद्देश्य से दोनों दल एक साथ आए हैं। बीजेपी को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए गठबंधन पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ेगा।

ओवैसी ने सीटों के बंटवारे को लेकर किसी भी तरह के मतभेद से इनकार किया। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियां मिलकर सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगी।

अखिलेश यादव पर ओवैसी का निशाना

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब किसी राजनीतिक दल को बी टीम कहने की परिभाषा पुरानी हो चुकी है। ओवैसी के मुताबिक, अगर किसी पार्टी को वोट देने के बाद भी लोगों की समस्याएं नहीं सुनी जातीं, तो उन्हें अपनी राजनीतिक ताकत खुद खड़ी करनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जब किसी दूसरे दल को ताकत दी जा सकती है, तो अपनी ताकत भी बनाई जा सकती है। अब बहुजन समाज के गरीब, कमजोर और वंचित वर्गों को किसी के सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं है।

कक्षा 1 से 12वीं तक मुफ्त शिक्षा का वादा

असदुद्दीन ओवैसी ने शिक्षा और रोजगार को भी प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से राजनीतिक दल बहुजन और वंचित समाज को मुख्यधारा में लाने के वादे करते रहे हैं, लेकिन आज भी इन वर्गों को बुनियादी सुविधाओं और रोजगार के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है।

ओवैसी ने प्रदेश में भर्ती प्रक्रियाओं पर सवाल उठाते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने वादा किया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चे की सरकार बनने पर कक्षा एक से 12वीं तक मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

चंद्रशेखर आजाद ने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरा

आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने अपनी गिरफ्तारी और एनएसए लगाए जाने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि उन्हें उत्तर प्रदेश में 16 महीने तक जेल में रखा गया और उनके खिलाफ दर्ज मुकदमे वापस नहीं हुए, जबकि मुख्यमंत्री अपने मुकदमे वापस कराने में सफल रहे।

 

यूपी में बदला वोटर लिस्ट का शेड्यूल: ड्राफ्ट मतदाता सूची अब 17 नवंबर को, 16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां

चंद्रशेखर ने हाथरस की घटना का जिक्र करते हुए पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया। इसके अलावा उन्होंने कासगंज में अल्ताफ की मौत, मेरठ में सोनू कश्यप को जिंदा जलाए जाने और लखनऊ में रामशंकर वाल्मीकि के मामले का उल्लेख करते हुए प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए।

उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई लड़ेगा। आरक्षण और संविधान के मुद्दे पर भी उन्होंने कहा कि इन अधिकारों के साथ किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।

सपा और कांग्रेस को भी गठबंधन में शामिल होने का न्योता

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि उन्होंने विपक्षी दलों को एकजुट करने के प्रयास किए हैं। इसी क्रम में उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चे में शामिल होने का न्योता दिया।

ओवैसी ने कहा कि यदि अखिलेश यादव और कांग्रेस बीजेपी को रोकने के उद्देश्य से इस गठबंधन के साथ आना चाहते हैं, तो उनका स्वागत है। उन्होंने विपक्षी एकता की बात करते हुए कहा कि सभी दलों को मिलकर चुनाव लड़ना चाहिए।

हालांकि, ओवैसी ने सपा की चुनावी रणनीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव बीजेपी को रोकने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने मध्य प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड में सपा के चुनाव लड़ने का भी जिक्र किया।

आजम खान के समर्थन में बोले ओवैसी

आजम खान के मुद्दे पर असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि वह उनके साथ खड़े हैं और उनकी लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने आजम खान के जेल में रहने को लेकर सवाल उठाए। चंद्रशेखर आजाद ने भी आजम खान के साथ अन्याय होने की बात कहते हुए उनके संघर्ष में साथ देने का भरोसा जताया।

SIR और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

प्रेस कॉन्फ्रेंस में ओवैसी ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि बिहार में उनकी पार्टी इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में पक्षकार बनी थी और उत्तर प्रदेश में भी इस मुद्दे पर मुकदमा दायर किया गया है।

ओवैसी ने चुनाव आयोग से सवाल किया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को कथित तौर पर 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने की जानकारी कैसे मिली। उन्होंने मांग की कि मतदाता सूची से हटाए गए नामों का आंकड़ा सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराया जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि किस पार्टी तथा किस वर्ग के कितने मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।

26 नवंबर को लखनऊ में होगी बड़ी रैली

सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने अपने चुनावी अभियान को आगे बढ़ाने के लिए 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर बड़ी रैली आयोजित करने का ऐलान किया है। यह रैली लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में होगी।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों से प्रेरणा लेकर यह मोर्चा बनाया गया है। उन्होंने गरीबों, दलितों, पिछड़ों और कमजोर वर्गों से एकजुट होकर अपनी राजनीतिक ताकत पहचानने की अपील की।

गठबंधन में अन्य दलों के लिए भी खुले रहेंगे रास्ते

चंद्रशेखर आजाद ने बताया कि बिहार में भी दोनों दलों ने मिलकर चुनाव लड़ा था और पांच सीटों पर जीत हासिल की थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश में भी सामाजिक परिवर्तन मोर्चा एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बनेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल गठबंधन में आजाद समाज पार्टी और AIMIM शामिल हैं, लेकिन भविष्य में अन्य दलों के लिए भी रास्ते खुले रहेंगे।

2027 चुनाव में चंद्रशेखर होंगे मुख्यमंत्री पद का चेहरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने दोहराया कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा। गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया गया है।

अब देखना होगा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में यह नया गठबंधन कितना प्रभाव छोड़ पाता है और प्रदेश की सियासत में इसकी मौजूदगी किस तरह चुनावी समीकरणों को प्रभावित करती है।

Aman Kumar Siddhu

He has 19 years of experience in journalism. Currently he is the Editor in Chief of Samar India Media Group. He lives in Amroha, Uttar Pradesh. For contact samarindia22@gmail.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment