संभल और बुलंदशहर के वांछित इस्लामनगर डकैती के दो और आरोपी गिरफ्तार, नकदी और आभूषण बरामद
इस्लामनगर।इस्लामनगर क्षेत्र में हुई डकैती और लूट की घटनाओं में वांछित दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उनसे 5500 रुपये नकद और लूटे गए आभूषण बरामद किए गए हैं। ये गिरफ्तारियां 27 मई की रात बिल्सी मार्ग से की गईं।पकड़े गए आरोपियों में एक संभल तो दूसरा बुलंदशहर का है।
कस्बा इस्लामनगर में किसान निजाकत अली और ग्राम सिठौली के चार घरों में 19 और 20 मई की रात को डकैती व लूट की वारदातें हुई थीं।इन घटनाओं के संबंध में इस्लामनगर थाने में केस दर्ज दर्ज किए गए थे।एसएसपी के लगातार प्रयासों के बाद दो दिन पहले पुलिस ने पांच डकैतों को गिरफ्तार कर लिया था।
सीओ बिल्सी केके तिवारी ने बताया कि अब दो और अभियुक्त गिरफ्तार किए गए। उनकी पहचान तेजपाल उर्फ टेपाल निवासी परतापुर, संभल और काले निवासी गेशुपुर, बुलंदशहर के रूप में हुई है। ये दोनों बाबरिया गैंग के सदस्य बताए जा रहे हैं। बरामद आभूषणों में एक जोड़ी खड़ुआ, बच्चे का गले का तीर कमान, एक जोड़ी टूटी हुई पाजेब और बच्चे की अंगूठी शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित गिरोह बनाकर अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं।
पुलिस के अनुसार,यह गिरोह मांगने-खाने के बहाने घरों की रेकी करता था।रात के समय गिरोह के सदस्य कच्छा-बनियान पहनकर घरों में घुसते थे। इसके बाद वे डकैती और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते थे। यह तरीका उनकी पहचान बन गया था। दोनों आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास:-गिरफ्तार अभियुक्त तेजपाल इस्लामनगर थाने में दर्ज तीन केसों में वांछित था।काले भी इस्लामनगर के दर्ज केस में वांछित था।इसके अतिरिक्त, काले का बुलंदशहर के खुर्जा में भी आपराधिक इतिहास है।उसके खिलाफ वहां चोरी और आर्म्स एक्ट के तीन अन्य मामले दर्ज हैं।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

