वजीरगंज थाना पुलिस मुठभेड़ में तीन लुटेरे गिरफ्तार, एक सिपाही जख्मी
बदायूं।वजीरगंज थाना क्षेत्र में बीते 9 मई को हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। रविवार देर रात हुई मुठभेड़ के बाद तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।इस दौरान बदमाशों की गोली से एक सिपाही घायल हो गया, जबकि पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश भी घायल हुए।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बाइक और अवैध हथियार बरामद किए हैं।
सीओ बिसौली संजीव कुमार ने बताया कि वजीरगंज थाना पुलिस टीम को रविवार रात सूचना मिली कि 9 मई की लूट को अंजाम देने वाले बदमाश बिल्सी से वजीरगंज की ओर आ रहे हैं।पुलिस टीम ग्राम मुसेपुर पुल के पास ही चेकिंग कर रही थी।कुछ देर बाद एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उनकी बाइक फिसलकर गिर गई।पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण करने को कहा,लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।इस दौरान आरक्षी प्रिंस चौधरी गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें फारुख उर्फ बादशाह उर्फ सफी उर्फ सफिया और अमन चतुर्वेदी घायल हो गए।

पूछताछ में कबूला लूटकांड और बरामदगी:-पुलिस पूछताछ में मुख्य आरोपी फारुख ने लूटकांड कुबूल किया है। उसने बताया कि 9 मई की रात उसने अपने साथियों आदिल मलिक और अरमान के साथ मिलकर लूट की थी।ब्यौली मढ़ी के पास एक व्यक्ति को तमंचा दिखाकर लूटा गया था। उसकी बाइक और मोबाइल फोन छीन लिए गए थे।आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने वर्तमान साथियों के साथ एक और वारदात को अंजाम देने के इरादे से क्षेत्र में आया था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई बाइक बरामद की है। इसके साथ ही दो तमंचे 315 बोर, एक तमंचा 12 बोर, छह कारतूस और दो खोखे भी मिले हैं।
शातिर अपराधी निकले आरोपी:-गिरफ्तार आरोपी फारुख पर नोएडा और अन्य क्षेत्रों में 12 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन मुकदमों में लूट, हत्या,गैंगस्टर एक्ट,चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं।अमन चतुर्वेदी के खिलाफ भी हत्या की कोशिश, आर्म्स एक्ट और चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। तीसरे आरोपी सुरजीत पर भी चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में केस दर्ज हैं।इन सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास लंबा है। वे कई जिलों में सक्रिय रहे हैं।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

