नेपाल में फंसे बदायूं के श्रद्धालुओं का पहला जत्था दिल्ली के लिए रवाना..फोन पर बताए वहां के हालात
बदायूं के 23 श्रद्धालुओं में 14 लोग नेपाल से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इन 14 लोगों को लेकर काठमांडू से पहली फ्लाइट ने सुबह 10.30 बजे उड़ान भरी।यह फ्लाइट दोपहर करीब 12.30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। दूसरा जत्था दोपहर दो बजे रवाना होकर शाम करीब चार बजे दिल्ली पहुंच जाएगा।

श्रद्धालुओं को दिल्ली से घर तक लाने के लिए बदायूं से भाजपा नेता अपने-अपने वाहनों से दिल्ली पहुंच गए हैं। करीब एक बजे श्रद्धालुओं को लेकर इस्लामनगर के लिए रवाना होंगे। परिजन अपनों के आने का इंतजार व स्वागत करने की तैयार कर रहे हैं।जेल का ताला तोड़ कैदियों को निकाला गया:-श्रद्धालुओं ने फोन पर परिजनों को बताया कि वह काठमांडू के मेरिडियन होटल में रुके। यह होटल जिस इलाके में हैं, उसी के पास संसद भवन और कुछ राष्ट्राध्यक्षों के आवास भी हैं। समीप की एक बड़ी जेल से उपद्रवियों ने कैदियों को निकालने का प्रयास किया।जेल का ताला तोड़कर कैदियों को बाहर लाया गया और फिर पूरे इलाके में लूटपाट, तोड़फोड़ और आगजनी शुरू हो गई।
उपद्रव के कारण यह लोग (श्रद्धालु) भयभीत होकर होटल में ही दुबके रहे। होटल स्टाफ ने उपद्रवियों को अंदर घुसने से रोकने का हरसंभव प्रयास किया। पास के एक अन्य होटल में आगजनी होते देख वह लोग भयभीत हो गए थे।सभी ने हाथ जोड़कर भगवान से प्रार्थना की कि वे सकुशल अपने घर लौट जाएं।उधर, नेपाल में अशांति के बीच जिले के बिनावर के चार और दातागंज के दो लोग फंसे हुए हैं।
रिपोर्ट – जयकिशन सैनी (समर इंडिया)

