सरकारी हैंडपंप में उतरा करंट, नहाने गए किशोर की मौत
निजी मोटर लगाकर किया जा रहा था हैंडपंप का इस्तेमाल, नल चलाते ही शिवा को लगा जोरदार करंट; सेना भर्ती की तैयारी कर रहा था
इस्लामनगर।थाना क्षेत्र के गांव मुसिया नगला में बुधवार सुबह सरकारी हैंडपंप में करंट उतरने से 17 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना पर डायल 112 और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।परिजनों के मुताबिक गांव में लगे सरकारी हैंडपंप में एक व्यक्ति ने निजी समरसेबल मोटर डाल रखी थी और उसका निजी उपयोग किया जा रहा था।आज बुधवार सुबह गांव निवासी 17 वर्षीय शिव चौधरी पुत्र ताहार सिंह इसी हैंडपंप पर नहाने गया था। बताया जा रहा है कि जैसे ही शिवा ने हैंडपंप का हत्था चलाया,उसे जोरदार करंट लग गया और वह झटका खाकर दूर जा गिरा।
ग्रामीणों का कहना है कि हैंडपंप में लगी समरसेबल मोटर में करंट उतर रहा था। इसी वजह से हैंडपंप का हत्था चलाते ही शिवा करंट की चपेट में आ गया। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण उसे बचाने के लिए दौड़े,लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।सूचना मिलते ही डायल 112 के साथ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।परिजनों ने बताया कि शिवा तीन भाइयों में सबसे छोटा था और सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था।किशोर की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।ग्रामीणों ने सरकारी हैंडपंप में निजी मोटर लगाए जाने और सुरक्षा व्यवस्था की जांच की मांग की है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

