Sahaswan News: चार माह का एरियर न मिलने पर आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का हंगामा, नगरपालिका में महिलाओं ने दिया धरना
अधिशासी अधिकारी ने एरियर का भुगतान (आज) शुक्रवार को खातों में दिए जाने के आश्वासन पर शांत हुए कर्मचारी
सहसवान (बदायूं)। उत्तर प्रदेश स्वायत्त कर्मचारी महासंघ शाखा सहसवान के बैनर तले आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों का चार माह का एरियर भुगतान न होने से कर्मचारियों में आक्रोश फैल गया।नाराज कर्मचारियों ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद परिसर में 2:00 बजे के लगभग जमकर हंगामा किया और नारेबाजी की। वहीं,महिला कर्मचारियों ने अधिशासी अधिकारी के कक्ष के सामने धरना देकर बकाया भुगतान की मांग उठाई।कर्मचारियों का कहना था की अधिशासी अधिकारी कई बार बकाया एरियर भुगतान दिए जाने का लिखित एवं मौखिक आश्वासन देने के बावजूद भी आज तक कर्मचारियों को भुगतान नहीं मिला।

श्रीराम बरात नगर में निकलने से पहले सफाई व्यवस्था को लेकर बढ़ी चिंता:-गौरतलब है कि नगर में भगवान श्रीराम बरात एवं शोभायात्रा निकाले जाने की तैयारी चल रही थी। ऐसे में सफाई कर्मचारियों के हंगामे से नगर पालिका प्रशासन की चिंता बढ़ गई और पालिका प्रशासन के हाथ पैर फूल गए।कर्मचारियों के विरोध के चलते सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका पैदा हो गई थी।हालांकि,अधिशासी अधिकारी के आश्वासन के बाद कर्मचारी दोबारा अपने काम पर लौट आए।इसके बाद उन्होंने भगवान श्रीराम की बरात एवं शोभायात्रा के मार्ग पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और चूना डालने का अभियान शुरू कर दिया।
इस दौरान बड़ी संख्या में आउटसोर्स सफाई कर्मचारी एवं अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। अब कर्मचारियों को अपने चार माह के बकाया एरियर के भुगतान का इंतजार है।रिपोर्ट-एस.पी.सैनी


