समर इंडिया संवाददाता जावेद चौधरी
हसनपुर। नगर स्थित आर्य समाज परिसर में शुक्रवार को आर्य समाज की नई कार्यकारिणी का वार्षिक चुनाव शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया प्रदेश प्रतिनिधि रोहिताश सिंह की अध्यक्षता में आयोजित की गई, जिसमें आर्य समाज के सभी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। चुनाव के दौरान सर्वसम्मति से नन्हे सिंह आर्य को आर्य समाज का प्रधान चुना गया। वहीं अंकित गुप्ता को मंत्री तथा दिनेश कुमार अग्रवाल को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके साथ ही आर्य समाज की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन किया गया नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का आर्य समाज के सदस्यों ने पटका पहनाकर एवं पुष्पमालाएं पहनाकर भव्य स्वागत किया।
उपस्थित सदस्यों ने नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं देते हुए समाज सेवा, वैदिक संस्कृति के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार के लिए पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।इस अवसर पर प्रदेश प्रतिनिधि रोहिताश सिंह ने कहा कि आर्य समाज सदैव समाज में नैतिक मूल्यों, शिक्षा, सामाजिक सुधार और वैदिक संस्कृति के प्रसार के लिए कार्य करता रहा है।
उन्होंने नई कार्यकारिणी से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा समाज हित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम में महिपाल सिंह गौतम, विनय कुमार गुप्ता, उमा गुप्ता, सविता गुप्ता, इंद्रा गुप्ता, ज्ञानेंद्र रस्तोगी, रमेश गुप्ता, नवीन रस्तोगी, अमित शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी लोगो ने नई कार्यकारिणी के सफल व जनहितकारी कार्यकाल की कामना करते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

