बड़े सरकार दरगाह के पास मां-बेटे पर हमला, आरोपियों ने बेरहमी से पीटा, जांच में जुटी पुलिस
बदायूं|सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित बड़े सरकार दरगाह परिसर के पास मां-बेटे की बेरहमी से पिटाई की गई।घटना का वीडियो वायरल हुआ है।वायरल वीडियो में कुछ लोग एक युवक को जमीन पर गिराकर डंडे से पीटते दिखाई दे रहे हैं।पीड़ित पक्ष ने क्षेत्र के रहने वाले अजमेरी और उसके पुत्र अरमान पर हमला करने का आरोप लगाया है।मारपीट में घायल युवक और उसकी मां को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पीड़ित सैफ का आरोप है कि कुछ समय पूर्व अरमान का तमंचे के साथ एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजा था।सैफ का कहना है कि अजमेरी और अरमान को शक था कि उक्त वीडियो उसने वायरल कराया था। इसी रंजिश को लेकर दोनों पिता-पुत्र ने उस पर हमला किया।

पीड़ित पक्ष ने की कड़ी कार्रवाई की मांग;-घायल सैफ और उसकी मां अंजुम का आरोप है कि आरोपियों के खिलाफ अभी तक कोई कठोर कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि जेल से छूटने के बाद भी आरोपी पिता-पुत्र की दबंगई कम नहीं हुई है और वे लगातार क्षेत्र में भय का माहौल बना रहे हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।घटना के संबंध में पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

