बॉलीवुड एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा ने भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के एक वायरल वीडियो पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। इस वीडियो में भोजपुरी एक्टर की मौजूदगी में एक आवारा कुत्ते के साथ कथित तौर पर बुरा बर्ताव किया गया। मलाइका को यह बिल्कुल पसंद नहीं आया की कोई कैसे किसी जानवर के साथ ऐसा करता है। सभी जानते हैं कि ‘छैया छैया गर्ल’ एक डॉग लवर हैं और वह जानवरों को परेशान करने वाले लोगों के खिलाफ भी आवाज उठाती है। अब एक्ट्रेस की इंस्टा स्टोरी भी इसी वजह से ही चर्चा में बनी हुई है।
मलाइका अरोड़ा का खेसारी लाल यादव पर फूटा गुस्सा
मलाइका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘ये लोग आखिर हैं कौन??? और ये आदमी कौन है जो वहां खड़ा होकर पोज दे रहा है??? घिनौना।’ वायरल क्लिप में खेसारी लाल यादव एक इवेंट स्टैंडी के सामने पैपराजी के लिए पोज देते हुए दिख रहे हैं, जबकि उनके पैरों के पास ग्रीन कार्पेट पर एक स्ट्रे डॉग शांति से लेटा हुआ है। शुरू में एक्टर कुत्ते को धीरे से भगाने की कोशिश करते हुए इशारा करते हैं ताकि फोटो सेशन अच्छे से पूरा हो सके, लेकिन कुत्ता वहां से नहीं हटता। ऐसे में एक असिस्टेंट पास आता है और कुत्ते को पैर से धक्का देकर वहां से खींच ले जाता है। इसके बाद एक महिला उस डॉग के साथ दुर्व्यवहार करती दिखाई देती है।
स्ट्रे डॉग संग हुए दुर्व्यवहार पर भड़कीं मलाइका
मलाइका ने खेसारी लाल यादव का नाम सीधे तौर पर नहीं लिया है, क्योंकि वह उन्हें नहीं जानती है। हालांकि, उन्होंने यह साफ कर दिया कि उन्हें यह पूरी घटना परेशान करने वाली और स्वीकार करने वाली नहीं लगी। मलाइका जानवरों के लिए अपना प्यार दिखाने का कोई मौका नहीं छोड़ती हैं और अक्सर रोजाना बाहर निकलने पर आवारा कुत्तों के साथ घुलती-मिलती देखी जाती हैं। एक्ट्रेस के जिम के बाहर के कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें उन्हें जिम के आस-पास रहने वाले देसी कुत्तों को सहलाते, खाना खिलाते और उनके साथ खेलते हुए देखा गया है।
रियलिटी शो जज कर चुकीं मलाइका
मलाइका को हाल ही में नवजोत सिंह सिद्धू और शान के साथ इंडियाज गॉट टैलेंट सीजन 11 में जज के तौर पर देखा गया था। हर्ष लिम्बाचिया द्वारा होस्ट किया गया यह शो 4 जनवरी 2026 को खत्म हुआ।

