बिना पंजीकरण ई-कार्ट बेचने वाले कासगंज के डीलर का व्यवसायिक प्रमाणपत्र निरस्त
बदायूं। 17 जून काे उझानी क्षेत्र में बरेली-मथुरा हाईवे पर दो ट्रैक्टर चालकों के रेस लगाने के दौरान टक्कर लगने से छह महिलाओं की मौत होने के मामले में शासन ने बिना पंजीयन के ई-कार्ट बेचने पर मेसर्स केसी ऑटोमोटिव के डीलर का व्यवसायिक प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया। परिवहन विभाग के अधिकारियों की रिपोर्ट के बाद शासन ने आदेश जारी कर कासगंज आरटीओ को भेज दिया है।वहीं, इस प्रकरण में दोनों ट्रैक्टरों के पंजीयन और चालकों के लाइसेंस भी निरस्त किए जा चुके हैं।
उझानी कोतवाली क्षेत्र के फूलपुर गांव और बुटला बोर्ड के बीच बरेली-मथुरा हाईवे पर 17 जून की दोपहर भीषण हादसा हो गया था। एक ही साइड पर रेस लगा रहे दो ट्रैक्टर चालकों की लापरवाही से ई-कार्ट में सवार एक ही परिवार की चार महिलाओं सहित छह की मौत हो गई थी।तीन लोग घायल हुए थे।महिलाएं मुरावन नगला से ई-कार्ट से शादी की रस्म भात मांगने के लिए पड़ोसी गठोना गांव जा रही थीं।तभी हादसा हो गया था।जिस ई-कार्ट में महिलाएं सवार थीं, उसका पंजीयन नहीं हुआ था।
सनी पुत्र संजू निवासी वार्ड चार, कछला ने इस ई-कार्ट को 14 जून को मेसर्स केसी ऑटोमोटिव, राज कोल्ड के सामने अमनपुर रोड, कासगंज से खरीदा था। बिना पंजीयन के डीलर ने ई-कार्ट बेच दिया था। यह बात जांच में सामने आने के बाद शासन को मेसर्स केसी ऑटोमोटिव के डीलर का व्यवसायिक प्रमाणपत्र निरस्त करने के लिए रिपोर्ट भेजी गई थी। इधर, एआरटीओ हरिओम ने बताया कि शासन ने कासगंज के डीलर का व्यवसायिक प्रमाणपत्र निरस्त कर दिया है। इसकी रिपोर्ट शासन से ही कासगंज आरटीओ को भेज, इसकी कॉपी यहां भी भेजी गई थी।उन्होंने बताया कि घटना करने वाले दोनों ट्रैक्टरों के पंजीयन व चालकों के लाइसेंस निरस्त किए जा चुके हैं।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

