समर इंडिया, संवाददाता
आदमपुर : विकासखंड गंगेश्वरी की ग्राम पंचायत सूवरा में सामुदायिक शौचालय पर लंबे समय से ताला लटका होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये की लागत से बने शौचालय का नियमित संचालन और रखरखाव नहीं हो रहा है। इसके चलते लोगों को खुले में शौच के लिए जाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सबसे अधिक परेशानी महिलाओं को होती है। तड़के और देर शाम उन्हें खेतों की ओर जाना पड़ता है। शौचालय परिसर के आसपास भी गंदगी और झाड़ियां उग आई हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव से शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों ने बीडीओ और उच्च अधिकारियों से जांच कर शौचालय को तत्काल खुलवाने तथा लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई की मांग की है।

