भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने थोड़ी राहत भरी खबर दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के रांची स्थित मौसम केंद्र के अनुसार, गुरुवार 12 जून को झारखंड के 20 जिलों में आंधी-तूफान के साथ वज्रपात की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा है कि झारखंड के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों को छोड़कर बाकी राज्य में कहीं-कहीं बादल गरजने के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की उम्मीद है। जिन जिलों में बारिश और तूफान की संभावना है, उनमें कोडरमा, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, खूंटी, रांची, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज शामिल हैं।
Jharkhand Weather News : उत्तर-पश्चिमी जिलों को कोई चेतावनी नहीं
मौसम विभाग ने बताया कि पलामू, गढ़वा, लातेहार और चतरा जिलों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले 24 घंटे में राज्य के अधिकतम तापमान में किसी खास बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है। हालांकि, इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। विभाग का अनुमान है कि 12 जून को झारखंड के अधिकतर हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है, विशेषकर उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर।
Jharkhand में विकास को बढ़ावा: 1,768 करोड़ की योजना पर खर्च को लेकर नई गाइडलाइन
Jharkhand Weather News : रांची और अन्य जिलों का मौसम
राजधानी रांची के लिए मौसम विभाग ने बताया है कि 12 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और गरज के साथ बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम केंद्र के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक वर्षा सरायकेला में 5.5 मिलीमीटर रिकॉर्ड की गई, जबकि डालटनगंज में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

