बदायूं में न्यायालय सुरक्षा में तैनात एसआई ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर दी जान
बदायूं में सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की मधुबन कॉलोनी में न्यायालय सुरक्षा में तैनात एक एसआई ने किराए के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।सूचना पर एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह,सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय समेत सिविल लाइंस पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।पहचान मथुरा जिले के गोविंद नगर थाना क्षेत्र के सकना निवासी मेघश्याम गौतम पुत्र रतनलाल गौतम पिछले करीब एक वर्ष से मधुबन कॉलोनी निवासी विकेश के मकान में किराये पर रह रहे थे।
मेघश्याम गौतम न्यायालय सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे।मकान मालिक विकेश के मुताबिक उनकी बेटी ने फोन कर बताया कि मेघश्याम गौतम काफी देर से फोन नहीं उठा रहे हैं।इसके बाद उन्होंने अपनी पत्नी से कमरे पर जाकर जानकारी करने को कहा।पत्नी ने दरवाजा खटखटाया,लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला।मामला संदिग्ध लगने पर विकेश को सूचना दी गई।वह गांव से लौटे और पुलिस को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया।दरवाजा तोड़कर जब पुलिस अंदर पहुंची तो मेघश्याम गौतम कमरे के दूसरे दरवाजे के वेंटिलेटर की ग्रिल से गमछे के सहारे फंदे पर लटके मिले।यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोग भी स्तब्ध रह गए।घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह और सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय मौके पर पहुंचे।अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया,जिसने कमरे से साक्ष्य जुटाए और घटनास्थल की बारीकी से जांच की।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है।सीओ सिटी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है,हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।रिपोर्ट-जयकिशन सैनी

