हरिद्वार।उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि युवाओं के चेहरों पर दिखने वाला आत्मविश्वास इस बात का सबसे बड़ा प्रमाण है कि भारत का भविष्य पूरी तरह से सुरक्षित हाथों में है। शनिवार को हरिद्वार के गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय में आयोजित ‘युवा संवाद कार्यक्रम’ को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने युवाओं में जोश भरा और प्रदेश सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने गुरुकुल कांगड़ी को केवल एक शिक्षण संस्थान नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, राष्ट्रवाद और संस्कारों का जीवंत प्रतीक बताया।
युवा बन रहे हैं ‘जॉब क्रिएटर’
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत आज दुनिया का सबसे युवा देश है, जहां 65 प्रतिशत से अधिक आबादी 42 वर्ष से कम आयु की है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘स्टार्टअप इंडिया’, ‘मेक इन इंडिया’, ‘स्किल इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं ने युवाओं के लिए अवसरों के नए द्वार खोले हैं। यही कारण है कि आज का युवा सिर्फ नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि नवाचार (Innovation) के जरिए दूसरों को रोजगार देने वाला ‘जॉब क्रिएटर’ बन रहा है।
उत्तराखंड में 44% रिवर्स पलायन, नीति आयोग में नंबर-1
राज्य सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए सीएम धामी ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, हाउस ऑफ हिमालय ब्रांड, स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन और नई पर्यटन व फिल्म नीति जैसी योजनाओं से प्रदेश में रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिला है।
मुख्यमंत्री ने खुशी जताते हुए कहा कि इन्हीं प्रयासों का परिणाम है कि राज्य में 44 प्रतिशत ‘रिवर्स पलायन’ (Reverse Migration) दर्ज हुआ है और बेरोजगारी दर में 4.4 प्रतिशत की ऐतिहासिक कमी आई है। नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों (SDG) के इंडेक्स में भी उत्तराखंड आज देश में प्रथम स्थान पर है।
नकल माफियाओं पर प्रहार, 34 हजार को मिली नौकरी
युवाओं के भविष्य को लेकर पिछली सरकारों पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने देश का सबसे कठोर ‘नकल विरोधी कानून’ लागू किया है। इसके तहत पिछले साढ़े चार वर्षों में 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल की सलाखों के पीछे भेजा गया है। उन्होंने बताया कि इसी पारदर्शिता के चलते राज्य में बिना किसी भेदभाव के 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुनी से भी अधिक है।
दिग्गजों का रहा जमावड़ा
कार्यक्रम के दौरान युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं आयोजक विक्रम भुल्लर ने मुख्यमंत्री को अंग वस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक (रानीपुर) आदेश चौहान, कुलपति श्रीमती प्रतिभा लूथरा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, डीएम मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित भारी संख्या में जनप्रतिनिधि और युवा शक्ति मौजूद रही।

