दिल्ली : जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने वाली लड़की ने माफी मांगी है। उसने कहा कि मैं अपनी बातों के लिए बहुत शर्मिंदा हूं। वीडियो जारी कर लड़की ने कहा कि वो उसकी पहली और आखिरी गलती थी, वो आगे ऐसा कुछ भी नहीं करेगी। वीडियो में उसने कहा, “मैं अपने दोस्तों के साथ सीपी गई थी, जहां पर प्रोटेस्ट हो रहा था। मैंने वहां पर कोक पी। वहां बहुत सारे ग्रुप्स बने हुए थे, जो प्रधानमंत्री जी को गालियां दे रहे थे। उन लोगों के बहकावे में आ गई थी और मैंने ये सब बोल दिया। मैं अभी मात्र 15 साल की हूं, मैंने जो किया वो माफी के लायक नहीं है। मैंने बहुत गंदी बातें बोली हैं। लेकिन ये मेरी पहली और आखिरी गलती होगी, इसके बाद मैं ऐसा कुछ नहीं करूंगी।”
वीडियो में लड़की ने आगे कहा, “मैं पूरे देश से माफी मांगती हूं, मैं इतनी शर्मिंदा हूं कि अपनी नजर भी नहीं उठा पा रही हूं। मैं सबसे माफी मांग रही हूं, मुझे कृपया माफ कर दीजिए।” लड़की के वायरल वीडियो की तथ्यता की जांच की जा रही है। इंडिया टीवी इस वीडियो की अभी पुष्टि नहीं करता है। बता दें कि पीएम मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी के मामले में पुलिस ने 29 जुलाई 2026 को जीरो एफआईआर दर्ज की थी। शिकायतकर्ता ने अभद्र भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाया था। इसके बाद लड़की आरोपी लड़की फरार थी। घटना 23 जुलाई को जंतर मंतर की बताई गई थी।
मामले में आरोप पत्र में की गई शिकायत में प्रधानमंत्री के पद की गरिमा को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 352 353(1) और 356(1) के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद जीरो एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच के लिए संसद मार्ग थाने भेजी गई थी और अब संसद मार्ग थाना पूरे मामले की जांच कर रहा है औऱ जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

