अमरोहा/नौगावां सादात: जनपद अमरोहा में अवैध कॉलोनाइजरों और भू-माफियाओं के खिलाफ आवाज उठाने वाले शुक्लपुरी गजरौला निवासी प्रख्यात अधिवक्ता एवं सोशल एक्टिविस्ट डॉ. रवींद्र शुक्ला की हत्या की साजिश रचे जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना के विरोध में शनिवार को नौगावां सादात बार एसोसिएशन और आरटीआई (RTI) एसोसिएशन के पदाधिकारी डॉ. शुक्ला के समर्थन में उतर आए हैं।
वकीलों और एक्टिविस्टों के संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने समाधान दिवस में जोरदार प्रदर्शन करते हुए प्रभारी अधिकारी सुनीता सिंह को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा।
10 लाख रुपये की दी गई सुपारी ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अवैध रूप से काम करने वाले कॉलोनाइजरों और माफियाओं के खिलाफ मोर्चा खोलने के कारण डॉ. रवींद्र शुक्ला की हत्या की साजिश रची जा रही है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सर्वेंद्र यादव और आरटीआई एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष पं. मनु शर्मा एडवोकेट के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में स्पष्ट कहा गया है कि कुछ अपराधी और माफिया किस्म के लोग उनकी हत्या कराना चाहते हैं। आरोप है कि जिला सहकारी बैंक के निदेशक वेदपाल सिंह इस साजिश के मुख्य सूत्रधार हैं, जिन्होंने थाना गजरौला के हत्यारे गैंग के सरगना मनोज चौहान और मुजफ्फरनगर (थाना पुरकाजी, ग्राम धमात) के हिस्ट्रीशीटर सचिन कुमार व नीरज कुमार जैसे माफियाओं के सहयोग से डॉ. शुक्ला की हत्या के लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी है।
‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ लागू करने की मांग अधिवक्ताओं ने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए जोरदार नारेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश में अविलंब ‘एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट’ (Advocate Protection Act) लागू करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मांग की है कि:
डॉ. रवींद्र शुक्ला को तत्काल कड़ी पुलिस और प्रशासनिक सुरक्षा प्रदान की जाए।
हत्या की साजिश रचने और सुपारी देने वाले आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जाए।
यदि पुलिस-प्रशासन ने इस मामले में जल्द ठोस कार्रवाई नहीं की, तो बार एसोसिएशन एक बड़ा और उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी।
ज्ञापन सौंपने वाले प्रमुख पदाधिकारी इस दौरान आरटीआई एसोसिएशन से जिलाध्यक्ष मनु शर्मा, जिला महासचिव संजीव जिंदल, राजीव कुमार गोले, चंद्रगुप्त मौर्य एडवोकेट उपस्थित रहे। वहीं, नौगावां सादात बार एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष सर्वेंद्र यादव, सचिव संजीव कुमार, अतुल कुमार चिकारा, कपिल यादव, सैयद हुसैन हैदर, दिनेश चौहान, कुलदीप, मेराजुल जफर और राजीव कुमार समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।

